रजनपुरा में युवकों को बाइकसवार ने पीछे से मारी ठोकर, एक की मौत, दूसरा गंभीर
एमएचनगर थाना क्षेत्र के रजनपुरा के पास सीवान-सिसवन मुख्य मार्ग पर बुधवार की रात करीब नाै बजे सड़क दुर्घटना में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। मृतक रजनपुरा गांव के बलिंद्र यादव का 22 वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार यादव था। घायल सर्वेश्वर दुबे का 24 वर्षीय पुत्र ऋषिदेव उर्फ अभिषेक पांडेय भी रजनपुरा का ही है। उसकी हालत गंभीर है। जानकारी के मुताबिक दोनों युवक रजनपुरा लंगड़ा मोड़ के पास शिव मंदिर प्रांगण में चल रहे दो दिवसीय अष्टयाम में शामिल होकर लौट रहे थे। जबकि, गुड्डू अपने पिता के साथ रहकर ड्राइवरी सीखता है। बताया जा रहा है कि अष्टयाम से लाैटते समय जैसे ही वे लाेग लंगड़ा मोड के पास पहुंचे तभी तेज रफ्तार में सीवान की तरफ से बीआर 29 एबी 3346 नंबर की हाेंडा साइन ने पीछे से ठोकर मार दी। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत इलाज के लिए सीवान लाया। वहां इलाज के दौरान गुड्डू यादव की मौत हो गई। घायल ऋषिदेव उर्फ अभिषेक पांडेय को हाथ व सीने में चोट लगी है।
पिता गाड़ी चलाकर पालते हैं परिवार
मृतक के परिजनों के चीख-चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। गुड्डू अविवाहित था। उसकी एक बहन गुड़िया कुमारी 20 वर्ष व छोटा भाई आर्यन कुमार यादव 16 वर्ष है। पिता बलिंद्र यादव ड्राइवरी कर परिवार का भरण-पोषण करते है। इस घटना से मां गीता देवी काफी सदमे में है। शव का दाह संस्कार दाहा नदी (वाण गंगा) स्थित स्थानीय शमशान घाट पर पर किया गया।
ग्रामीणाें ने बाइक चालक काे पीटा, पुलिस के हवाले किया
गुस्साए लोगों ने बाइक चालक चैनपुर ओपी थाना क्षेत्र के नवलपुर निवासी गिरिधारी यादव के पुत्र छोटेलाल यादव को पकड़ जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद कमरे में बंद कर दिया। जबकि बाइक पर बैठे दूसरे युवक को छोड़ दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर ओपी के थानाध्यक्ष, स्थानीय थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, एएसआई मुन्ना यादव व अन्य पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंचा अाैर युवक को अपने कब्जे में लिया। घटना के बाद रजनपुरा में शोक की लहर है।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 4 वर्षीय बच्चा घायल
हसनपुरा| एमएच नगर थाना के अरंडा पवाड़ी टोला के पास सीवान-सिसवन मुख्य मार्ग स्टेट हाइवे- 89 पर बुधवार की शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 4 वर्षीय बच्चा घायल हो गया। घायल बच्चा नवादा टोला निवासी कलामुद्दीन अंसारी का पुत्र अयान बताया जा रहा है। लोग घायल बच्चे को निजी क्लिनिक में ले गए, जहां से चिकित्सकों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए सीवान भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार बच्चे की स्थिति नाजुक होते हुए सीवान के चिकित्सकों ने भी गोरखपुर रेफर कर दिया।
एमएचनगर थाना क्षेत्र के रजनपुरा गांव के पास हुअा हादसा, अष्टयाम से लाैट रहे थे दाेनाें युवक
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बाइक पर सवार युवक को बनाया बंधक