घायल युवक तड़पता रहा, अस्पताल पहुंचाने के बदले सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
पटना पुलिस का अमानवीय चेहरा शुक्रवार की देर रात उस वक्त देखने को मिला जब बोरिंग रोड पर बीकानेर स्वीट्स के पास एक अज्ञात वाहन ने बुलेट सवार को धक्का मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। धक्का लगने के बाद युवक मौके पर ही गिर गया और उसकी बुलेट बीआर 01 डीवी 8905 वहीं पर गिर गई। करीब आधा घंटे तक वह युवक पानी में भीगता रहा। सूचना मिलने के बाद एसकेपुरी और कोतवाली थाना की पुलिस पहुंची पर घायल को गाड़ी में लादकर पीएमसीएच ले जाने की बजाय सीमा क्षेत्र को लेकर ही आपस में उलझ गई।
कोतवाली पुलिस के दारोगा किसी कीमत पर अपनी गाड़ी से घायल को ले जाने को तैयार नहीं थे। यही नहीं एसकेपुरी थाना के दारोगा प्रमोद कुमार गाड़ी से उतरे तक नहीं। गाड़ी पर मौजूद एसकेपुरी थाना की पुलिस अपने थानेदार को कॉल कर जिप्सी भेजने को कह रहे थे। एसकेपुरी थानेदार नीरज सिंह पहुंचे तो जरूर पर तब तक घटना के बाद मौके पर पहुंचे पत्रकार गाड़ी पर बहुत मशक्कत कर उसे लाद चुके थे। उसके बाद पुलिस उसे लेकर पीएमसीएच को रवाना हुई। वे बेहोश था। उसकी पहचान नहीं हो सकी।