पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
पटना. दो दिनों तक हुई बारिश से रबी फसलों को काफी नुकसान हुआ है। जिलों में किस फसल में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन कर रिपोर्ट मांगी गई है। शनिवार को कृषि विभाग ने सभी जिला कृषि पदाधिकारी और प्रमंडलीय संयुक्त निदेशक से बारिश से हुई नुकसान की पूरी रिपोर्ट तुरंत उपलब्ध कराने के लिए कहा है।
फसल नुकसान पर सरकार किसानों को सहायता देगी। कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि 13 मार्च सुबह 8 बजे से 14 मार्च सुबह 8 बजे तक 15.6 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि सामान्य वर्षा 0.2 मिलीमीटर ही होनी चाहिए थी। असमय वर्षा से खेतों में तैयार दलहनी और तेलहनी फसलों के साथ ही गेहूं और अन्य रबी फसलों को काफी नुकसान की सूचना कृषि विभाग को मिल रही है।
सभी किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक और प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्र के सभी किसानों के फसलों के नुकसान की वास्तविक स्थिति की जानकारी दें। असमय वर्षापात और जलवायु परिवर्तन के कारण किसानों को हुए नुकसान की भरपाई करने के लिए सरकार संकल्पित है। आपदा की स्थिति में सरकार के खजाने पर पहला हक आपदा पीड़ितों का है।
फरवरी माह में असमय वर्षा, आंधी और ओलावृष्टि के कारण खड़ी फसलों को हुई क्षति की भरपाई के लिए किसानों को इनपुट सब्सिडी उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। तब 11 जिलों औरंगाबाद, भागलपुर, बक्सर, गया, जहानाबाद, कैमूर, मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर व वैशाली से फसल नुकसान की रिपोर्ट मिली थी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.