पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
पटना. कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार के निर्देश पर पटना विश्वविद्यालय और इसके कॉलेजों में भी शैक्षणिक गतिविधियां शनिवार से बंद हो गई।
शनिवार को पटना विवि में स्नातक पार्ट 3 की परीक्षा होनी थी, लेकिन राज्य सरकार के निर्देश के बाद इस परीक्षा के साथ आने वाले 31 मार्च तक की सभी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया। हालांकि छात्र-छात्राओं को कैंपस से दूर रखने वाले इस फैसले में शिक्षकों और कर्मचारियों पर कोई असर नहीं होगा। सभी को पूर्ववत कैंपस में आना ही है। इस बीच पीयू प्रशासन ने निर्णय लिया है कि कर्मचारियों व शिक्षकों की हाजिरी मैनुअल तरीके से बनेगी।
पीयू प्रशासन ने कोरोना वायरस को लेकर जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया है कि सभी शिक्षकों व कर्मचारियों की हाजिरी मैनुअल रजिस्टर पर दर्ज होगी। सभी के बायोमीट्रिक अटेंडेंस सिस्टम को कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए अगले आदेश तक के लिए टाल दिया गया है। इस संबंध में कुलसचिव कर्नल मनोज मिश्रा ने बताया कि सभी शिक्षकों व कर्मचारियों को अपने कॉलेज या विभागों में ही मैनुअल रजिस्टर पर हाजिरी बनानी है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.