अनुमंडलीय अस्पताल में बनाया जा रहा आइसोलेशन वार्ड
कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की व्यवस्था मंे अनुमंडल अस्पताल प्रशासन जुट गया है। अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक विकास चौधरी ने बताया कि अनुमंडल अस्पताल मंे आइसोलेशन वार्ड बनाया जा रहा है। सोमवार तक आइसोलेशन वार्ड बन कर तैयार हो जाएगा। हालांकि अनुमंडल अस्पताल में कोरोना से पीड़ित मरीजों की जांच की फिलहाल कोई व्यवस्था नहीं की गयी है। अगर ऐसे मरीज आएंगे तब उन्हें फिलहाल आइसोलेशन वार्ड में रखा जाएगा। इसके बाद उसे पटना भेजा जाएगा। दूसरी तरफ अस्पताल में तैनात कर्मियों को अभी तक मास्क उपलब्ध नहीं कराया जा सका है। सोमवार तक मास्क आने की संभावना है।
निजी शिक्षण संस्थान को भेजा जाएगा नोटिस
बाढ़ | कोरोना वायरस को देखते हुए सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी सुमित कुमार को सूचना मिली कि शहर के एक निजी शिक्षण संस्थान में सरकारी आदेशों का उल्लंघन कर छात्रों की परीक्षा ले रहे हैं। सूचना पर अनुमंडल पदाधिकारी ने तत्काल इसकी जांच कराई। जांच के दौरान आरोप को सत्य पाया गया। एसडीएम ने बताया कि स्कूल प्रबंधन को शोकॉज नोटिस जारी किया जाएगा।
योग शिविर में ग्रामीणों को कोरोना से बचाव के उपायों की दी जानकारी
मसौढ़ी | धनरुआ के सिकोहा गांव स्थित आदर्श पब्लिक स्कूल में पतंजलि योग प्रचारक प्रकल्प की ओर से आयोजित 85वां नि:शुल्क योग शिविर में ग्रामीणों को कोरोना वायरस और इससे बचाव व रोकथाम के उपायों से संबंधित जानकारी दी गई। योग प्रचारक अमर कुमार ने कहा कि लोग घबराएं नहीं। उन्होंने िगलोय और गोधन अर्क के इस्तेमाल व नियमित योग करने की सलाह दी। पांच दिवसीय इस योग शिविर में सिकोहा के अलावा पथरहट, थुहापर व आसपास के अन्य गांवों के ग्रामीण शामिल थे। वहीं मनेर में बिहार कौशल विकास मिशन द्वारा संचालित कुशल युवा केंद्र महिला सर्वांगीण विकास संस्थान बस्ती रोड मनेर में कोरोना वायरस से बचाव की जानकारी दी गई।
कोरोना पर जागरुकता के लिए चलेगा अभियान, हुई आपात बैठक
फतुहा | नगर परिषद कार्यालय में मुख्य पार्षद रुपा कुमारी की अध्यक्षता में शनिवार को आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से कोरोना से बचाव हेतु तथा बिना मौसम बरसात से निबटने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान कोरोना से बचाव हेतु सभी वार्डों में नागरिकों के बीच जागरुकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही बिन मौसम बरसात से नगर परिषद क्षेत्र में नारकीय स्थिति से निपटने के लिए नाले की उगाही करने, फॉगिंग करवाने तथा ब्लीचिंग पाउडर की छिड़काव करने का फैसला लिया गया। मौके पर सिटी मैनेजर ब्रजेश सिंह, मोहम्मद सुल्तान, नगर उपाध्यक्ष सुषमा देवी के साथ साथ सभी वार्ड पार्षद मौजूद थे।