पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
पटना. राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने गुरुवार की सुबह 9 बजे प्रदेश राजद कार्यालय खुलवाकर आनन-फानन में प्रेस कांफ्रेंस किया और दोनों उम्मीदवारों का नाम घोषित किया। जब कांग्रेस की सहमति को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आरजेडी का दो सीट बनता है। ऐसे में इस बारे में किसी और से बात करने का कोई मतलब ही नहीं था। उन्होंने कांग्रेस बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल की उस चिट्ठी को फर्जी करार दिया जिसमें सीटों की बंटवारे को लेकर तेजस्वी यादव को पुराना वादा याद दिलाया गया था। जगदानंद ने कहा कि वह चिट्ठी किसको और कब लिखी गई, इसकी जानकारी नहीं हैं। सोशल साइट पर नेताओं ने वह चिट्ठी चलाई थी।
भड़की कांग्रेस, बोली- शब्दों के चयन में सावधानी बरते राजद प्रदेश नेतृत्व
कांग्रेस ने राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद के शक्ति सिंह गोहिल की चिठ्ठी को फर्जी बताने वाले बयान की कड़ी निंदा की है। कांग्रेस के विधान पार्षद प्रेमचंद्र मिश्रा ने राजद के प्रदेश नेतृत्व को शब्दों के चयन में सावधानी बरतनी होगी। राजद के नेता भाजपा और जदयू के लिए जिस भाषा का इस्तेमाल करते हैं, उसी वहीं भाषा कांग्रेस के लिए इस्तेमाल की जाए यह ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि शक्ति सिंह गोहिल ने अपने पत्र में लोकसभा चुनाव के दौरान किए गए वादे की याद दिलाया था। उस वक्त एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजद के नेतृत्व ने कहा था कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को अपेक्षाकृत कम सीटें दे रहे हैं, ऐसे में राज्यसभा के चुनाव में आरजेडी अपने कोटे की पहली सीट कांग्रेस को देगी। लेकिन सीट तो नहीं दी गई, अब राजद के प्रदेश अध्यक्ष बिहार के प्रभारी की चिठ्ठी को ही फर्जी बता रहे हैं।
राजग : आज नामांकन करेंगे हरिवंश, रामनाथ व विवेक
एनडीए के तीनों उम्मीदवार शुक्रवार को नामांकन दाखिल करेंगे। जदयू ने राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश और रामनाथ ठाकुर को फिर से अपना उम्मीदवार बनाया है जबकि भाजपा ने वर्तमान सांसद डॉ. सीपी ठाकुर के पुत्र पूर्व विधान पार्षद विवेक ठाकुर को टिकट सौंपा है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.