होली की बधाई वाले बैनर में नाम नहीं दिया तो छात्र जदयू के नेता की हत्या
होली की बधाई वाले बैनर में नाम नहीं रहने पर विवाद इतना बढ़ गया कि छात्र जदयू के प्रदेश प्रवक्ता कन्हैया कौशिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसके दोस्त चंदन को भी गोली लगी। घटना मंगलवार देर शाम शास्त्रीनगर थाना के पटेलनगर के महेशनगर रोड नंबर 5 में हुई। कन्हैया के सीने में गोली मारी गई थी। गोलीबारी में उसका एक दोस्त बाल-बाल बच गया।
गोली मारने वाले कन्हैया के परिचित कुश, बंटी व आशुतोष हैं। कन्हैया के चचेरे भाई के बयान पर तीनों को नामजद किया गया। देर रात पुलिस ने शास्त्रीनगर इलाके में छापेमारी कर बंटी और आशुतोष को गिरफ्तार कर लिया। कुश फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस बिहटा से भोजपुर तक छापेमारी करने में जुटी है। एएन कॉलेज के पीजी का छात्र कन्हैया इसी कॉलेज में छात्र जदयू का उपाध्यक्ष भी था। मूल रूप से मधुबनी का रहने वाला था। पटेलनगर में भाई के साथ रहता था। भाई होली में गांव चला गया था। कन्हैया के पिता किराना दुकान चलाते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद छोटा भाई व अन्य परिजन पटना पहुंच गए। बंटी और आशुतोष पटेलनगर में रहता है। फरार कुश मूल रूप से भोजपुर के बाघ मझुआ का रहने वाला है। वह पहले पटेलनगर में रहता था। इस वजह से उसे स्थानीय लोगों से परिचय है। -पढ़ें पेज 8 भी