ज्वेलर हत्याकांड : गोलियों की आवाज सुनते ही दुकानों के गिरे शटर
बाबा ज्वेलर्स के मालिक 45 वर्षीय आलोक रंजन मिश्र को गोली लगने के बाद दुकान में काम करने वाले कर्मचारी 18 वर्षीय छोटू ने ही घर पहुंच कर हादसे की जानकारी दी। गोलियों की आवाज से मथनी मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। दुकानों के शटर गिर गए। घटनास्थल चौक व मालसलामी थाना क्षेत्र का सीमा क्षेत्र है। सूचना मिलने पर मौके पर चौक, मालसलामी, बाइपास थाने के अलावा अन्य थानों की पुलिस पहुंची।
मृतक के चाचा प्रेमशंकर मिश्र ने बताया कि हुमाद गली नेहरू टोला निवासी स्व. गौरी शंकर मिश्र का बेटा रंजन मिश्र आठ साल से मथनी तल मोहल्ले में सोने-चांदी की दुकान चला रहा था। परिजन किसी से अदावत की बात से इनकार करते हैं। आलोक रंजन सोने-चांदी की दुकान के अलावा दूध का धंधा करता था। हालांकि चर्चा में यह बात सामने आ रही है कि मारे गए आलोक को कुछ अपराधी रंगदारी के लिए धमका रहे थे।
मृतक के चचेरे भाई सुनील मिश्र ने बताया कि आलोक रंजन को 15 दिन पहले किसी ने फोन पर धमकी दी थी और मिलने के लिए कहा था। इस बात को उसने परिवार वालों से नहीं बताया था। एएसपी मनीष कुमार का कहना है, कि घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। संभव है, कि रंगदारी के लिए हत्या की गयी है, लेकिन यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। दुकानदार से कितने की रंगदारी मांगी जा रही थी। धमकी देने वाले अपराधी कौन थे, इस बात की भी पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। परिवार वालों से भी इस संबंध में जानकारी ली जा रही है।
मृतक के बड़े भाई राजू मिश्र नवादा में एक्साइज में इंस्पेक्टर है। घटनास्थल पर सिटी एसपी जीतेंद्र कुमार ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस छापेमारी कर रही है। सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला जा रहा है।
24 फरवरी को बगल की दुकान में चली थी गोली
चौक थाना क्षेत्र के मथनीतल मुहल्ला में 24 फरवरी की रात भी अपराधियों ने रंगदारी में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था। गोलीबारी की घटना लक्ष्मी ज्वेलर्स में हुई थी। ज्वेलरी दुकान के दुकानदार को निशाना बना कर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। दुकानदार हादसे में बाल-बाल बच गया था। दुकानदार द्वारा इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। लेकिन पुलिस अपराधियों को पकड़ने में नाकाम रही है। संभावना है कि उसी गिरोह ने घटना को अंजाम दिया है। दुकान पर पहुंचे अपराधी दुकानदार से बार-बार एक ही बात कह रहे थे कि बात क्यों नहीं करते हो।
मथनी तल में दुकानदार की हत्या के बाद जांच करती पुलिस और मौजूद लोग।