लालू की कॉपी हो सकती है, पर उन जैसा कोई नहीं
राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने होली के ‘लालू रंग’ से खुद को सराबोर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी; वही रंग-गुलाल, ढोल-नगाड़ा, जोगीरा, लेकिन कहा कि ‘लालू जी जैसा नहीं हुआ जा सकता। लालू, लालू हैं। उनका कोई जोड़ नहीं है। लालू इज कमबैक।’ उन्होंने होली नहीं खेलने वाले नेताओं पर तंज कसा। बोले- ‘होली से कोरोना वायरस का बिल्कुल खतरा नहीं है।’
तेजप्रताप ने अपने आवास पर खूब होली खेली। तरह-तरह से। होली के गीत से लेकर जोगीरा तक गाया। ढोलक बजाया। साथ में पूरी मंडली। वह साइकिल चलाते हुए अपनी मां राबड़ी देवी के पास पहुंचे, उनका आशीर्वाद लिया। राबड़ी ने भी लोगों को गुलाल लगाए। लालू प्रसाद के बारे में पूछने पर तेजप्रताप भावुक हो गए, बोले- ‘मैं पिता जी को बहुत मिस करता हूं। हम उनकी कॉपी तो करते हैं, लेकिन उनके जैसा कोई भी नहीं हो सकता।’ कांग्रेस विधान पार्षद प्रेमचंद्र मिश्र के घर भी खासा मजमा जुटा। सुमन मिश्र, मुशर्रफ अली, दिलीप पासवान, शमायल अहमद, सत्येंद्र सिंह, धर्मेंद्रधारी सिंह, कुमार रोहित, प्रमोद ओझा, राजेश सिंह हैदर आलम आदि ने खूब होली गायी।
होली पर जोगीरा गाते लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव।