पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
पटना सिटी. शराब की बरामदगी के लिए घर में घुसी मेहंदीगंज थाने की पुलिस को लोगों ने घेर कर जमकर पीटा और रोड़बाजी कर खदेड़ दिया। भीड़ को कंट्रोल करने और जान बचाने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। हालांकि, पुलिस फायरिंग की बात से इनकार करती है। इधर, घर वालाें का कहना है कि पुलिस बिना महिलाकर्मियों के घर में छापेमारी करने के लिए पहुंच गई। उस वक्त महिलाएं स्नान कर रही थीं। घटना सोमवार की है।
पुलिस को सूचना मिली कि होली में खपत के लिए रानीपुर अड्डा मोहल्ला निवासी गिरिजा यादव ने काफी मात्रा में देसी-विदेश शराब स्टॉक कर रखा है। मेहंदीगंज थानाध्यक्ष लालमुनि दूबे ने एक दारोगा, दो एसआई और सशस्त्र बल के साथ उसके घर पर पहुंचकर छापेमारी शुरू की। थानाध्यक्ष मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने बड़ी ईंट चलाई जो थानाध्यक्ष की पीठ पर लगी। इसके बाद लोग ईंट-पत्थर बरसाने लगे। उग्र लोगों ने पुलिस पर पथराव कर खदेड़ दिया। तीन आरक्षी वहां से जान बचा कर किसी प्रकार भाग निकले। थानाध्यक्ष व एक एएसआई भीड़ के बीच फंस गए। जान बचाने के लिए पुलिस ने एक राउंड हवाई फायरिंग की। इसके बाद पुलिस पर हमला करने वाले पीछे हटे। हालांकि पुलिस फायरिंग की बात से इनकार करती है।
पुलिस पर लगा महिलाओं से अभद्रता का आरोप
घटना के बाद एएसपी मनीष कुमार सहित कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घटनास्थल पर मौजूद महिला गुड़िया देवी का कहना है कि छापेमारी टीम बिना महिला आरक्षी के घर में घुस कर गाली-गलौज करने लगी। महिलाओं का आरोप है कि पुलिस ने अभद्रता की। विरोध करने पर मारपीट करने पर उतारू हो गए। पुलिस लगातार दरवाजा को पीट रही थी। पुलिस इन आरोपों से इनकार करती है।
हिरासत से आरोपी फरार
थानाध्यक्ष ने बताया कि भीड़ ने उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया है। गले से सोने की चेन भी गिर गई है। सोची-समझी साजिश के तहत पर पुलिस टीम पर हमला किया गया है। घर से शराब को बरामद कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया था। भीड़ शराब को लेकर निकल गई और हिरासत में लिया गया व्यक्ति भी फरार हो गया। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पर हमला करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.