पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
पटना। राज्यसभा को सीटों को लेकर आपसी खींचतान के बीच कांग्रेस ने राजद को लोकसभा चुनाव के दौरान किए गए वादे की याद दिलायी है। रविवार को बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल खुलकर मैदान में आए और महागठबंधन के खाते में आने वाली दो में एक सीट पर दावा ठोक दिया है। गोहिल ने तेजस्वी को इशारों में वादे पर कायम रहने की नसीहत दी। कहा- प्राण जाए पर वचन न जाए।
उन्होंने उम्मीद जतायी कि राजद नेता अपना वचन निभाएंगे। कांग्रेस नेता ने याद दिलाया कि लोकसभा चुनाव के वक्त महागठबंधन के नेताओं की साझा प्रेसवार्ता में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने साफ शब्दों में कहा कि आरजेडी कोटा से राज्यसभा की एक सीट बिहार के कांग्रेस नेता के लिए छोड़ी जाएगी। कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने पुरानी बात याद दिलाते हुए कहा कि तेजस्वी लोकसभा चुनाव के दौरान जो वायदा किए थे, उसे पूरा करें। बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए चुनाव होना है। इन पांच सीटों में तीन एनडीए और दो महागठबंधन के खाते में जाएंगी। राज्यसभा की सीट को लेकर राजद और कांग्रेस में खींचतान चल रही है।
सीट मिली तो बिहार कांग्रेस का नेता होगा प्रत्याशी
शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि राज्यसभा की सीट मिली तो बिहार कांग्रेस का नेता ही प्रत्याशी होगा। उन्होंने राज्यसभा की सीट पर खुद की दावेदारी को नकारते हुए कहा कि प्रत्याशी बिहार कांग्रेस का नेता होगा। मेरे जैसा कोई भी जो बिहार का मतदाता नहीं है, वह कांग्रेस का प्रत्याशी नहीं होगा। हमारा प्रत्याशी सिर्फ बिहार कांग्रेस का नेता ही होगा।
भाजपा प्रत्याशी की उम्मीदवारी पर दिल्ली ही लगाएगा अंतिम मुहर
भाजपा राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी की उम्मीदवारी पर दिल्ली ही मुहर लगाएगा। पार्टी कोर कमेटी की बैठक में रविवार को संभावित उम्मीदवारों पर विचार-विमर्श किया गया। कोर कमेटी ने सभी संभावित दावेदारों का नाम दिल्ली भेजने के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल को अधिकृत कर दिया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव भी शामिल हुए।
एक सीट पर कई दावेदार
कोर कमेटी ने लगभग एक दर्जन संभावितों के नाम की चर्चा की। इनमें वर्तमान सांसद डॉ. सीपी ठाकुर, आरके सिन्हा, सम्राट चौधरी, संजय मयूख, कृष्ण कुमार सिंह, उषा विद्यार्थी, देवेश कुमार, विवेक ठाकुर के नाम पर चर्चा की गयी। इनका नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। अब वहीं इनमें से अंतिम नाम का चयन होगा। विधायकों की सदस्य संख्या के आधार पर जदयू और भाजपा को एक-एक सीटों का नुकसान होगा, जबकि राजद को दो सीटों का लाभ होगा। इन पांच सीटों में जदयू और राजद को दो-दो तथा भाजपा को एक सीट मिलेगी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.