हरिहरपुर कलां में अबीर लगाने के दौरान हुई मारपीट में कई लोग जख्मी
जामो बाजार थाना क्षेत्र के हरिहरपुर कलां गांव में मंगलवार की शाम अबीर- गुलाल लगाने के दौरान दो गुटों के बीच जमकर मारपीट गई गई। घटना में दोनों पक्षों से कई लोग घायल हुए। अंचलाधिकारी विकास कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार, थानाध्यक्ष सूरज प्रसाद, पूर्व मुखिया अशोक सिंह, मुखिया अशोक पंडित मौके पर पहुंच मामले को शांत कराया। इसके बाद घायल धर्मेन्द्र प्रसाद के पुत्र विक्की कुमार, मथुरा प्रसाद के पुत्र विनोद प्रसाद, गंगा प्रसाद के पुत्र रवि कुमार और चुन्नू को इलाज के लिए गोरेयाकोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां सभी घायलों का इलाज कराया गया। बुधवार को दोपहर घटना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने शांति समिति की बैठक बुलाई। इसमें सभी ग्रामीणों ने भाईचारा शांति के साथ रहने का संकल्प लिया और दोबारा ऐसी घटना नहीं हो इस पर भी विचार विमर्श किया गया। सभी ग्रामीणों ने कहा कि हम सभी मिलजुल कर रहेंगे। शांति समिति की बैठक के दौरान सभी अधिकारियों के अलावा ग्रामीण मौजूद रहे। अंचल अधिकारी विकास कुमार सिंह ने बताया कि सभी ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामले को शांत करा दिया गया है। माहौल पूर्ण रूप से शांतिमय है। थानाध्यक्ष सूरज प्रसाद ने बताया कि स्थिति को काबू में कर ली गई है। सभी ग्रामीणों ने भाईचारा बनाकर रहने का संकल्प लिया है।