मनेर की महादलित बस्ती में दिया स्वच्छता का संदेश
गुरुवार को सिंघाड़ा पंचायत की टिलहारी महादलित बस्ती स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में भारत सरकार कीे सामुदायिक खाद्य एवं पोषण विस्तार इकाई, पटना के तत्वावधान में स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन किया गया। उद्घाटन पंचायत मुखिया कांति देवी व समाजसेवी अरुण पासवान ने किया। कार्यक्रम में मुखिया ने लोगों को साफ-सफाई व स्वच्छता को लेकर जानकारी देते हुए गंदगी से होने वाली बीमारियों के बारे में अवगत कराया। साथ ही बताया कि हमारे घर और आसपास में गंदगी रहने के कारण कई तरह की बीमारियां हो सकती हैं। वही गांव के लोगों को जागरूक करने के लिए छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली स्कूल परिसर से निकलकर पूरे पंचायत का भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने सब का एक ही नारा साफ-सुथरा घर हमारा... गंदगी से रहेंगे दूर, घर के आसपास व हाथ को रखेंगे साफ आदि नारे लगाते हुए लोगों को जागरूक किया। इसके अलावा स्कूल के परिसर में छात्राओं ने शराबबंदी, दहेज प्रथा और स्वच्छता को लेकर नाटक का मंचन किया। मौके पर सीएफएनईयू प्रभारी अनीशा तिको, प्रीति कुमारी, मंजू देवी, रीता देवी, सरोज सिंह, राजरूप राय, रंजन कुमार समेत कई लोग मौजूद थे।