मंत्री उड़ा रहे सरकार के आदेश की धज्जियां
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने स्वास्थ्य मंत्री पर कोरोना को लेकर राज्य सरकार द्वारा जारी की गई एडवाइजरी के अवहेलना का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राजद के प्रशिक्षण शिविर के स्थल को कोरोना के नाम पर रद्द कर दिया गया। वहीं मंगल पांडेय इन निर्देशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। सरकार ने स्कूल, कॉलेज, सिनेमाघर और पार्क बंद करा दिया है। लेकिन दूसरी ओर स्वास्थ्य मंत्री रोहतास में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। तेजस्वी ने सरकार पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से तत्काल स्वास्थ्य मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की है।
उन्होंने राज्य सरकार के कोरोना को लेकर सरकार के उठाए गए कदमों का स्वागत किया है। सभी सरकारी जिला अस्पतालों में जांच और आइसोलेशन वार्ड बनाने की मांग की है। कहा- राज्य की सीमा तथा एयरपोर्ट एवं रेलवे स्टेशनों पर स्क्रीनिंग की व्यवस्था की जाए। कोरोना के मरीजों की नि:शुल्क जांच और इलाज की व्यवस्था की जाए।
तेल की गिरती कीमतों का लाभ लोगों को मिले
तेजस्वी यादव ने पेट्रोल और डीजल पर तीन रुपए सेस बढ़ाने के फैसले पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की गिरती कीमतों का फायदा आम लोगों को नहीं देना चाहती। केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावेडकर के एक पुराने वीडियो को ट्वीट किया है, जिसमें वे यह बयान दे रहे हैं कि भाजपा की सरकार आई तो देश में पेट्रोल 34 रुपए प्रति लीटर मिलेगा।