रिटायर्ड पोस्टमास्टर की हत्या में नामजद फरार
दानापुर के शाहपुर के चांदमारी में 32 कट्ठा जमीन के विवाद में रिटायर पोस्टमास्टर सकलदेव सिंह की हत्या के मामले में पुलिस किसी भी नामजद को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। बीते रविवार को एसकेपुरी थाना से एक किलोमीटर दूर विवेकानंद मार्ग के वीर कुंअर सिंह पथ रोड नंबर चार में उनकी हत्या उनके घर के पास ही कर दी गई थी। सकलदेव के बेटे मनीष सिंह के बयान पर चांदमारी गांव निवासी देवेंद्र राय, उसके तीन बेटों सोनू, गुड्डू व सूरज समेत दो अज्ञात पर केस दर्ज किया गया था। पुलिस घटना के बाद से ही चांदमारी और पीसी कॉलोनी स्थित नामजदों के घर में छापेमारी की पर सभी आरोपी फरार हैं। दोनों घरों में ताला लटका हुआ है। बाल-बच्चे व महिलाएं भी घर में नहीं हैं। इस मामले में देवेंद्र जमानत टूटने के बाद जेल में है। पुलिस देवेंद्र से पूछताछ करने के लिए जेल जाएगी।
देवेंद्र का बेटा सूरज शामिल था हत्या में, उसी ने गोली मारी : घटना के दिन सकलदेव सिंह के बेटे और चश्मदीद मनीष ने बताया था कि देवेंद्र से ही 32 कट्ठा जमीन का विवाद चल रहा है। उसी का बेटा रविवार को घर के पास बाइक के साथ मौजूद था। पापा को गोली उसी ने मारा था। वह पहले से घर के पास मौजूद था। इधर, घटना के बाद से सकलदेव के घर में मातम पसरा है। होली में भी लोग सिसकते रहे। मनीष से मिलने को कई परिजन उनके घर पहुंचे और सांत्वना दी।
पूरी प्लानिंग के साथ की गई हत्या
देवेंद्र एक मामले में फरार चल रहा था। उसका बेल टूट गया था। वह एक सप्ताह पहले जेल चला गया था। इस हत्या में देवेंद्र ने सब खेल किया है। पुलिस देवेंद्र से जेल में जाकर पूछताछ करेगी। हत्या के लिए पूरी प्लानिंग की गई थी। सचिवालय डीएसपी आरके प्रभाकर ने बताया कि पुलिस नामजदों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी करने में जुटी है।