नुक्कड़ नाटक केयर का किया प्रदर्शन
खगौल। दानापुर रेलवे स्टेशन के पास सदा लोक मंच ने उदय कुमार लिखित एवं निर्देशित नाटक केयर का प्रदर्शन किया। गीत -डरे नहीं सावधान रहें, सतर्क होकर बचाव करें, नहीं कोई कोरोना का इलाज, बचाव ही इसका उपाय आज, सही जानकारी लें, अफवाहों से बचें से नाटक की शुरुआत हुई । नाटक में महामारी का रूप ले चुके कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव की जानकारी दी गई। नाटक में मुख्य भूमिका निभाते हुए चिकित्सक गौतम भारती ने संक्रमण के लक्षण को बताते हुए तुरंत सही स्थान पर इलाज हेतु जाने की सलाह दी। बिहार के टोल फ्री नंबर 104 और भारत सरकार के 91-11- 23978046 पर चौबीसों घंटे सम्पर्क करने की जानकारी दी। कलाकारों में शिवम कुमार, उदय कुमार ,डॉ. गौतम भारती , राजीव रंजन त्रिपाठी, भोला सिंह, प्रमोद सोनी ,सूरज कुमार शामिल थे।