पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पीपीयू के बीएड कोर्स में एक सत्र हेरफेर में लेट, दूसरा लापरवाही में

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

राज्य के विश्वविद्यालयों में सत्र की नियमितता को लेकर कुलाधिपति की ओर से कई बार विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को निर्देश दिए गए हैं। लेकिन पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में हालात नहीं बदले। अधिकतर विषयों के नामांकन प्रक्रिया में ही देरी कर दी गई और उसके बाद पूरा सत्र लेट होता गया। वहीं बीएड पाठ्यक्रम ऐसा है, जिसमें पिछले दो सत्रों से नामांकन प्रक्रिया तो वक्त पर पूरी की गई है लेकिन पढ़ाई और परीक्षाएं वक्त पर करा पाने में पाटलिपुत्र विवि प्रशासन फेल साबित हुआ है। बीएड के सत्र 2018-20 में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कॉलेजों में भी नामांकन प्रक्रिया दूसरे विश्वविद्यालयों के साथ केंद्रीयकृत तरीके से हुई लेकिन अभी भी सत्र लेट है। इस सत्र में तो कॉलेजों द्वारा नामांकन में हेरफेर का मामला भी सामने आया और शामिल विद्यार्थियों की परीक्षा रोक दी गई। लेकिन बाद में राजभवन की ओर से कुछ विद्यार्थियों को रियायत मिली है। इस सत्र के विद्यार्थियों की फाइनल परीक्षा मई तक हो जानी है, क्योंकि जुलाई में एक और सत्र शुरू होगा लेकिन अब तक एकेडमिक सेशन पटरी पर नहीं आया है। हालांकि फर्स्ट इयर की परीक्षा हो चुकी है लेकिन रिजल्ट आना बाकी है। वहीं दूसरी ओर सत्र 2019-21 के विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन भी पाटलिपुत्र विवि प्रशासन ने अब तक नहीं किया है।

384 विद्यार्थियों के नामांकन को वैध बताया : पीपीयू में लगभग 700 विद्यार्थियों के नामांकन पर सवाल उठे, जिसमें राजभवन ने 384 विद्यार्थियों की नामांकन प्रक्रिया को वैध करार दिया है। इन विद्यार्थियों ने अपने पहले साल की कक्षाएं पूरी कर ली हैं, रजिस्ट्रेशन भी लगभग सबका हो गया है। लेकिन इनकी परीक्षा की तिथि जारी नहीं की गई है। 24 फरवरी को विवि प्रशासन की ओर कॉलेजों को इन विद्यार्थियों की पढ़ाई पूरी कराने का निर्देश दिया गया, जिससे समय पर परीक्षाएं ली जा सकें लेकिन परीक्षा का समय क्या होगा, यह नहीं बताया गया है।

अगस्त में ही पूरी हो चुकी है नामांकन की प्रक्रिया

सत्र 2019-21 के बीएड विद्यार्थियों की नामांकन प्रक्रिया अगस्त में ही पूरी हो चुकी हैं लेकिन अब तक इनका रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है। विवि प्रशासन ने अपने अन्य विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया तो शुरू की है, लेकिन लॉ और बीएड के विद्यार्थियों को अभी रजिस्ट्रेशन से रोके रखा है। हालांकि विवि प्रशासन के अधिकारी यही कह रहे हैं कि मई तक परीक्षाएं हो जाएंगी।
खबरें और भी हैं...