प्रिया ने अनुपम सुमन को पत्र लिखा- बिहार के वास्ते खामोशी तोड़ साथ आएं
खुद को बिहार का ‘भावी मुख्यमंत्री’ बताने वाली पुष्पम प्रिया चौधरी ने आईआरएस अफसर रहे अनुपम सुमन से खुला समर्थन मांगा है। बिहार में अनुपम के साथ काम कर चुकी प्रिया को इस बात की शिकायत है कि अनुपम ने उनके (प्रिया) राजनीति में आने के फैसले का सपोर्ट किया, मगर अब वे खामोश से हैं। प्रिया ने उनसे बिहार, यहां के लोगों की बेहतरी के लिए खामोशी तोड़ने को कहा है। आग्रह किया- साथ आइए, यहां की खराब व्यवस्था से, इसके जिम्मेदार नेताओं से मिलकर लड़ते हैं। अनुपम, बिहार टूरिज्म डेवलपमेंट काॅरपोरेशन में रहे हैं। मुख्यमंत्री सचिवालय और पटना नगर निगम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई है। वे वीआरएस ले चुके हैं। प्रिया, उनके साथ टूरिज्म काॅरपोरेशन में थीं।
प्रिया ने दो पन्नों के पत्र में उनकी खासी तारीफ की है। प्रिया के लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में पहुंचने से पहले अनुपम यहां थे। यहां लोगों से अनुपम के इंटेलिजेंस और अंडरस्टैंडिंग की तारीफ सुनकर प्रिया हैरान-सी रहीं। इन बातों का मकसद प्रिया द्वारा लोगों को अनुपम की काबिलियत बताना है। प्रिया ने कई बार लिखा- ‘अनुपम जी को मेरे साथ आना ही होगा।’
सुमंत कुमार एंबेसडर
प्लुरल्स ने ऑनलाइन सदस्यता के अलावा गांवों में घूमकर लोगों को अपना सदस्य बनाने का काम शुरू किया है। शनिवार को प्रिया नालंदा के दरवेशपुरा गांव पहुंचीं। प्लुरल्स ने यहां के सुमंत कुमार को एंबेसडर बनाया है। प्रिया के अनुसार, वैज्ञानिक विधि और श्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय व्यवहार आधारित कृषि क्रांति की 2020-30 के दौरान बिहार के बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सुमंत कुमार जैसे कृषि उद्यमी बिहार के इस सुनहरे भविष्य की मिसाल बनेंगे।