पीयू शिक्षक संघ ने डॉ. स्वाति सौरभ के लिए मांगा मुआवजा
पटना| पटना विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर समाजशास्त्र की शिक्षिका डॉ. स्वाति सौरभ पर हमले की शिक्षक संघ ने निंदा की है। साथ ही विवि प्रशासन से डॉ. स्वाति को चिकित्सा के लिए मुआवजा देने की भी मांग की है। इस संबंध में पटना विवि शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. रणधीर कुमार सिंह व महासचिव डॉ. अभय कुमार ने कुलपति को भेजे पत्र में कैंपस में शिक्षकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया है। पूटा अध्यक्ष ने कहा कि इस घटना से शिक्षक, कर्मचारी और छात्रों में असुरक्षा और भय का माहौल बन गया है। इसलिए घटना के जिम्मेदार असामाजिक तत्वों के खिलाफ अविलंब कार्रवाई होनी चाहिए। अगर विवि प्रशासन ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो शिक्षक संघ कार्य बहिष्कार करेगा। वहीं पूटा महासचिव ने कहा कि घायल शिक्षिका को चिकित्सा के लिए दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए, जिससे समुचित उपचार हो सके।