31वीं बिहार न्यायिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा के लिए आज से रजिस्ट्रेशन शुरू
पटना | बिहार लोक सेवा आयोग ने 31वीं बिहार न्यायिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा के आधार पर असैनिक न्यायाधीश (कनीय कोटि) के 221 पदों पर नियुक्ति के लिए योग्य उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगा है। प्रतियोगिता परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन (पंजीकरण) की शुरुआत गुरुवार से हो रही है, जो 28 मार्च तक चलेगा। पंजीयन के बाद ऑनलाइन परीक्षा शुल्क भुगतान करने की अंतिम तिथि 3 अप्रैल, 2020 निर्धारित की गई है। वहीं पंजीयन और परीक्षा शुल्क जमा होने के बाद 13 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। परीक्षा से संबंधित दिशा निर्देश आयोग की वेबसाइट www.bpsc.bih.nic.in पर उपलब्ध है। न्यायिक सेवा के लिए उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से विधि स्नातक होना चाहिए। उनकी आयु 1 अगस्त, 2019 को 22 वर्ष से अधिक और 35 वर्ष से कम होनी चाहिए। इस सेवा के लिए चयन की प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में प्रारंभिक परीक्षा होगी।