पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Bihar
  • Patna
  • Maharajganj News Retired Soldier Killed In Stone Pelting For Playing Dj Broke Soldier39s Leg Beaten Si

डीजे बजाने को लेकर हुए पथराव में रिटायर्ड जवान की हत्या, सिपाही का पैर तोड़ा, एसआई को भी पीटा

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

बलऊ गांव में मंगलवार की दाेपहर 2 बजे डीजे बजाने को लेकर बच्चों के बीच हुए विवाद में दो गुटों के बीच जमकर पथराव हुआ। इसमें स्व.जगदीश प्रसाद के पुत्र सीआरपीएफ का रिटायर्ड जवान 55 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद की जान चली गई और आठ लोग घायल हो गए। इसमें पवन कुमार, मलुरा देवी, फुलसुंदरा देवी, अनिल कुमार, बलिराम यादव, दिलीप यादव, भगवान यादव हैं। भगवान यादव, अनिल कुमार, पवन कुमार, बलिराम यादव को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक एक गुट के बच्चे डीजे बजा रहे थे। इसी दौरान दूसरे गुट के कुछ लोग आए और डीजे की धुन पर डांस करने लगे। पहले गुट के लोगों ने इसका विरोध किया। इसके बाद दोनों गुट के लोगों के बीच मारपीट होने लगी। मारपीट की खबर सुनते ही गांव के अन्य लोग भी जुट गए और पथराव होेने लगा। मारपीट की खबर सुनकर रिटायर्ड जवान भी मामले को शांत कराने आया। लेकिन, इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई। सेमरिया घाट पर राजेंद्र का अंतिम संस्कार किया गया।

आरोपी को मांग रहे थे ग्रामीण

रिटायर्ड जवान की मौत की सूचना पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और ग्रामीणों ने एक आरोपी के घर पर हमला कर दिया। इससे गांव में तनाव हो गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना महाराजगंज थाने को दी। सब-इंस्पेक्टर शंकर उरांव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंच कर ग्रामीणों को समझाया। पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही थी कि ग्रामीण व पुलिस के बीच भी झड़प हो गई। इसमें एसआई शंकर उरांव, सिपाही दिलीप मिश्रा व कृष्णा प्रसाद घायल हो गए। एसआई के सिर व चेहरे पर चोट है। सिपाही दिलीप का पैर टूट गया है। गुस्साए लोग आरोपितों को भीड़ के हवाले करने की मांग कर रहे थे। जबकि पुलिस इसके खिलाफ थी। इसी बात को लेकर लोग पुलिस से भी नाराज हाे गए और पुलिस पर भी हमला बोल दिया। नाराज लोग आरोपी के घर का दरवाजा भी तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। झड़प की सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हरीश शर्मा, थानाध्यक्ष मनीष कुमार साह बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ पहुंचे। काफी प्रयास के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।

झड़प व हत्या के मामले में तीन एफआईआर दर्ज
मारपीट, पत्थरबाजी व पूर्व सैनिक की हत्या के मामले में तीन एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मृतक राजेन्द्र प्रसाद के पुत्र मिथिलेश प्रसाद के आवेदन पर पांच लोगों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें बलऊ के जवाहर यादव, संतोष यादव, प्रदीप यादव, होमगार्ड जवान सत्येन्द्र यादव और गौतम यादव को अभियुक्त बनाया गया है। दूसरी प्राथमिकी अभियुक्त प्रदीप यादव के आवेदन पर दर्ज की गई है। इसमें 30 नामजद अभियुक्त बनाए गए हैं। तीसरी प्राथमिकी एसआई शंकर उरांव ने कराई है। इसमें 35 नामजद तथा 50 अज्ञात को अभियुक्त बनाया गया है।


महाराजगंज थाने के बलऊ गांव में घटना की जांच करती पुलिस।

चार आरोपित गिरफ्तार एक होमगार्ड भी शामिल

घटना में शामिल मुख्य आरोपित प्रदीप यादव, संतोष यादव और जवाहर यादव व होमागार्ड जवान सत्येन्द्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। सत्येन्द्र यादव मैरवा थाने में पदस्थापित है। उसकी गिरफ्तारी मैरवा से ही बुधवार को हुई। अन्य तीन की गिरफ्तारी भी हुई है। पूर्व सैनिक की हत्या के बाद ग्रामीणों में आक्रोश इस बात को लेकर है कि हत्या से पूर्व भी कई संगीन मामलों की ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसका विरोध पुलिस को झेलना पड़ा। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि रिटायर्ड सैनिक की हत्या मामले में तीन को हिरासत में लिया गया है।

महाराजगंज थाने के एसआई ने 35 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी
खबरें और भी हैं...