राजद के अहंकार से देर-सबेर महागठबंधन का बिखरना तय
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राजद पर कांग्रेस को धोखा देने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि राजद उम्मीदवारों के नामांकन में महागठबंधन के घटक दल गैरहाजिर रहे, क्योंकि सबसे बड़े घटक दल ने दूसरे बड़े दल कांग्रेस को धोखा दिया। उन्होंने दावा किया कि देर-सबेर महागठबंधन का बिखरना तय है। कांग्रेस ने राज्यसभा की एक सीट के लिए राजद से आग्रह किया था, लेकिन लोभ-लिप्सा और अहंकार में आकंठ डूबी पार्टी ने कांग्रेस के आग्रह को ठोकर मारते हुए उसके पत्र को फर्जी भी बता दिया।
मोदी ने कहा कि जब महागठबंधन में एक पुरानी राष्ट्रीय पार्टी का ऐसा अपमान हो सकता है, तब दूसरी पार्टियां कब तक खैर मनाएंगी? उधर, एनडीए ने प्रतिभा, अनुभव कार्य शैली और जनसेवा जैसे गुणों को ध्यान में रखकर राज्यसभा के लिए अपने जिन तीन उम्मीदवारों का चयन किया है, उनकी जीत भी सुनिश्चित है। इनके नामांकन के समय एनडीए के नेता पूरी एकजुटता के साथ उपस्थित थे। मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने काेरोना वायरस के खतरे से निपटने के लिए पर्याप्त उपाय किए हैं। बिहार में सभी स्कूल-काॅलेज 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। लोगों को डरने की नहीं, केवल स्वच्छता और सावधानी ज्यादा बरतने की जरूरत है। सार्वजनिक मेल-जोल के समय दूरी बनाए रखें। हाथ मिलाने की जगह नमस्कार की भारतीय परंपरा का पालन कर भी करोना का प्रकोप रोक सकते हैं।