संजय बोले- बिहार में ‘लालटेन युग’ खत्म, हर घर बिजली से रौशन
प्रदेश जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि बिहार में लालटेन युग खत्म हुआ। हर घर बिजली से रौशन है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऊर्जा के क्षेत्र को जीरो से हीरो बनाया। उन्होंने 15 अगस्त 2012 को कहा था कि अगर बिजली का क्षेत्र नहीं सुधरा, तो वह चुनाव में वोट मांगने नहीं जाएंगे। यह वायदा पूरा किया। लोग भूल गए हैं कि यहां बिजली भी कटती है। पहले लोगों को याद करना पड़ता था कि बिजली कब आई थी? जदयू नेता के अनुसार कुल बिजली आपूर्ति क्षमता 11,346 मेगावाट हो गई है। बिजली रहित सभी गांवों और सभी 106249 टोलों व बसाहटों के इच्छुक परिवारों को बिजली कनेक्शन देने का लक्ष्य 25 अक्टूबर 2018 में ही पूरा कर लिया गया। 2005 में एक व्यक्ति पर बिजली की उपलब्धता मात्र 70 यूनिट थी, अब यह 258 यूनिट है। पहले मांग 700 मेगावाट थी। अब यह 3769 मेगावाट है। 1 लाख 36 हजार किसानों को सस्ती बिजली दी जानी है।