पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Bihar
  • Patna
  • Patna News Special Gram Sabha To Be Held In Panchayats Postponement Of Bihar Day Celebrations Demanded From Districts

पंचायतों में होनेे वाली विशेष ग्रामसभा स्थगित, बिहार दिवस समारोह की अग्रिम राशि जिलों से वापस मांगी

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कोरोना वायरस के फैलाव के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने पंचायतों में लगने वाली ग्रामसभा स्थगित कर दी है। मुख्य सचिव दीपक कुमार से शुक्रवार को सभी जिलाधिकारियों को इसकी जानकारी दी है। उन्होंने विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोरोना वायरस को लेकर सरकार के अन्य निर्णयों की भी जानकारी उन्हें दी। ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की जानकारी की कमी के फीडबैक के लिए सरकार ने सभी पंचायतों में 16 मार्च से 30 अप्रैल तक विशेष ग्रामसभा का आयोजन का निर्णय लिया था। इसमें ग्रामसभा सदस्यों को संबंधित अधिकारियों द्वारा सभी कार्यक्रमों और योजनाओं की जानकारी दी जानी थी। साथ ही उनसे योजनाओं के कार्यान्वयन में आने वाली समस्याओं की जानकारी भी लेनी थी।

कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए 22 से 24 मार्च तक होने वाले बिहार दिवस समारोह को भी स्थगित कर दिया गया है। बिहार दिवस के लिए जिलों को दी गई 2.5 लाख की अग्रिम राशि वापस करने के लिए कहा गया है। बीईपी की राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी विभा कुमारी ने सीतामढ़ी को छोड़ सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को शुक्रवार को पत्र भेजा। बिहार दिवस आयोजन के लिए प्रत्येक जिला को शिक्षा विभाग ने 2.5 लाख की राशि दी थी।

उधर, राज्य के सभी स्कूलों को बंद करने के बाद कक्षा 1 से कक्षा 8 तक की वार्षिक परीक्षा स्थगित कर दी गई है। शैक्षणिक सत्र 2019-20 में कक्षा 5 व 8 के छात्र-छात्राओं की वार्षिक मूल्यांकन परीक्षा 16 से 19 मार्च तक होनी थी। कक्षा 1 से 4 और कक्षा 6 व 7 की परीक्षा 26 से 30 मार्च को तय थी। बीईपी के राज्य परियोजना निदेशक संजय सिंह ने शुक्रवार को इस संबंध में सभी डीईओ और डीपीओ (ईई व एसएसए) को पत्र भेजा है।

बिहार में अब तक कोरोना का कन्फर्म केस नहीं


पटना | मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि लोगों को कोरोना के बारे में मोबाइल और अन्य संचार माध्यम से इस बीमारी के संबंध में जानकारी दी जा रही है। विदेश से आने वाले लोगों का पटना और गया एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग की जा रही है।

बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य में कोरोना से बचाव के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने कोरोना वायरस के संक्रमण की स्थिति से बचाव और प्रभावित होने की स्थिति में इलाज के लिए की गई तैयारियों की पूरी जानकारी दी। इधर, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने विकास आयुक्त, डीजीपी, सभी विभागाध्यक्षों, प्रमंडलीय आयुक्त तथा जिलाधिकारियों को इन फैसलों का अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है। इस बारे में सबको दिशा-निर्देश दिया है।

मुख्य सचिव ने कहा कि बिहार में अब तक कोरोना वायरस का कोई कंफर्म केस नहीं मिला है। 142 संदिग्धों को ऑब्जरवेशन में रखा गया, जिसमें 73 को डिस्चार्ज कर दिया गया। इंडो-नेपाल बॉर्डर पर स्क्रीनिंग और सख्त की गई है। ट्रांजिट प्वाइंट पर 49 मेडिकल कैंप चल रहे हैं। सीमा पर आवागमन पर पुख्ता चेकिंग के अलावा मेडिकल चेकिंग भी की जा रही है। सरकारी अस्पतालों में 100 अतिरिक्त वेंटिलेटर की व्यवस्था की जा रही है।

मुख्य सचिव ने कहा- कोरोना की टेस्टिंग की व्यवस्था आरएमआरआई हॉस्पीटल के साथ अब पटना एम्स, पीएमसीएच, आईजीआईएमएस में भी की गई है। लोग पब्लिक गैदरिंग से बचें, अपने घर में ही रहने की ज्यादा कोशिश करें। क्योंकि इस वायरस के संक्रमण से तेजी से बीमारी फैलती है।

चीन से पहुंचे 112 लोगों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव

नई दिल्ली | केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानन्द राय ने शुक्रवार को चीन के वुहान से पहुंचे 112 लोगों को नयी दिल्ली स्थित आईटीबीपी के क्वारंटाइन केंद्र, छावला में कोरोना वायरस परीक्षण रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद विदा किया। इसके पहले उन्होंने आईटीबीपी के महानिदेशक एस. एस. देसवाल के साथ चीन के इन सभी नागरिकों से मुलाकात की। उन्हें आईटीबीपी का कैलेंडर और स्वस्थ होने का प्रमाण पत्र सौंपा गया।

डॉक्टर से लेकर कर्मियों तक की छुटि्टयां रद्द

स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी कर डॉक्टरों और कर्मचारियों की छुट्टी को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने कहा कि कोरोना वायरस से उत्पन्न संक्रमण की रोकथाम और इसके निरोधात्मक उपाय के लिए विशेष चौकसी एवं अनुश्रवण को लेकर डॉक्टरों और कर्मियों के सभी प्रकार के अवकाश को तत्काल प्रभाव से 31 मार्च तक रद्द किया गया है।

18 को होने वाला पंचायत उपचुनाव स्थगित

कोरोना के खतरे को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव की 18 मार्च को प्रस्तावित वोटिंग स्थगित कर दी है। शुक्रवार को यह जानकारी आयोग के सचिव योगेन्द्र राम ने दी। उन्होंने बताया कि आयोग ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिया है। मतदान की अगली तारीख बाद में घोषित की जाएगी।

लोजपा की यात्रा स्थगित, चिराग लौटे

पटना | लोजपा ने 14 अप्रैल को गांधी मैदान में होने वाली बिहार फर्स्ट-बिहारी फर्स्ट महारैली स्थगित कर दी है। कोरोना वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए पार्टी ने यह निर्णय लिया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने यह जानकारी दी। शुक्रवार को अपनी यात्रा के चौथे चरण में मधुबनी पहुंचे चिराग ने कहा कि नोवल कोरोना वायरस को अन्तर्राष्ट्रीय महामारी घोषित होने के बाद पार्टी द्वारा आयोजित महारैली व यात्रा को तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाता है। वे मधुबनी के बाद सुपौल की यात्रा स्थगित करते हुए रास्ते से ही पटना लौट गए। यह जानकारी प्रदेश प्रवक्ता अशरफ अंसारी ने दी।

राजद का प्रशिक्षण कार्यक्रम रद्द

पटना | राजद ने कोरोना वायरस की वजह से 14-15 मार्च को राजगीर में प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम रद्द कर दिया है। कोरोना वायरस को लेकर राज्य सरकार के निर्देश के बाद ये फैसला लिया गया है। प्रशिक्षण शिविर शनिवार से शुरू होने वाला था, हालांकि शुक्रवार 3 बजे दिन में सरकार द्वारा एहतियातन कई तरह के निर्देश के बाद भी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद ने तय किया था कि सर्दी और जुकाम से परेशान नेताओं को अलग से बैठने का इंतजाम करते हुए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। पर राजगीर रवाना होने से ठीक पहले शाम 6 बजे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पार्टी के अन्य नेताओं के साथ विचार-विमर्श कर प्रशिक्षण शिविर को रद्द करने का एेलान किया। तेजस्वी ने कहा कि सरकार की ओर से जो भी गाइडलाइन दिए गए हैं पार्टी उसका पालन करेगी। हालांकि हमारी मांग है कि बजट सत्र पूरा चलाया जाए। सदन में जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।

कोरोना पर तैयारियों का मुख्यमंत्री ने लिया जायजा, पीएमसीएच, आईजीआईएमएस, एम्स में भी जांच की सुविधा


बैठक में मौजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सुशील मोदी, मंत्री कृष्णनंदन वर्मा, मंगल पांडेय, सीएम के सलाहकार अंजनी कुमार सिंह, मुख्य सचिव दीपक कुमार और अन्य अधिकारी।
खबरें और भी हैं...