एसटीएफ के हत्थे चढ़ा गैंगस्टर दिनेश यादव
पटना | लंबी लुका-छिपी के बाद आखिरकार गुरुवार को गैंगस्टर दिनेश यादव एसटीएफ के हत्थे चढ़ गया। वह मुंगेर के लरैयाटांड़ थाने के सतघरवा गांव का निवासी है। हत्या के साथ ही अन्य संगीन आरोपों से जुड़े मामलों में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। हालांकि वह लगातार चकमा देकर बच निकलता था। इन परिस्थितियों के बीच एसटीएफ को भी उसकी तलाश में लगाया गया था। एसटीएफ के एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लन के मुताबिक शेल्टर की तलाश में दिनेश यादव अपने गांव पहुंचा था। इसकी भनक मिलते ही विशेष दस्ते ने गांव में घेराबंदी करके उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया। फिर आगे की कार्रवाई के लिए मुंगेर पुलिस के हवाले कर दिया गया।