नाले से अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पत्थरबाजी, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
अतिक्रमण हटाअाे अभियान के दूसरे दिन शुक्रवार काे टीवी टावर के पीछे याेगीपुर नाले के पास स्थानीय लाेगाें ने हंगामा करते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज कर हंगामा करने वाले लाेगाें काे खदेड़ा। इसके बाद कंकड़बाग अंचल स्थित योगीपुर संप हाउस के पूरब नाले के दोनों तरफ से अतिक्रमण हटाया गया। डीएम कुमार रवि ने कहा कि 65 अस्थायी झोपड़ियाें को तोड़कर हटाया गया है। इस दाैरान एक मिनी हाईवा ईंट को जब्त करने के साथ अतिक्रमणकारियों से 15000 रुपए जुर्माना वसूला गया है। इसी तरह बांकीपुर अंचल स्थित रामपुर नहर के उत्तरी भाग में सैदपुर नाले से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दाैरान अतिक्रमणकारियों के घर की चहारदीवारी, सीढ़ी, छज्जा को तोड़कर हटाया गया है। यह अभियान 21 मार्च तक चलेगा।
नालों की नापी करने का निर्देश
इधर शाम में समीक्षा बैठक के दाैरान डीएम ने नालों पर अतिक्रमित संरचना की नापी करने, नोटिस करने, अतिक्रमणमुक्त करने व उसकी उड़ाही करने संबंधी कार्यों काे तेज गति से चलाने का निर्देश दिया। उन्हाेंने कहा कि दानापुर व खगौल क्षेत्र में जलनिकासी की सुचारू व सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक मशीनरी, मानव बल बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अमीन को नापी कार्य सुनिश्चित करने, दानापुर पटना सिटी, पटना सदर अनुमंडल अधिकारी अाैर भूमि सुधार उप समाहर्ता को अपने क्षेत्र में जलजमाव काे दूर करने के लिए संचालित कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने जलजमाव की समस्या को दूर करने के लिए सभी ईओ, सीओ व पुलिस पदाधिकारी को आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया है। इस टीम काे सैदपुर नाला, योगीपुर नाला, सर्पेंटाइन नाला, कुर्जी नाला, बाकरगंज नाला, बोरिंग केनाल नाला, इको पार्क नाला, श्रीकृष्णापुरी नाला, आनंदपुरी नाला, बाइपास नाला से अतिक्रमण हटाने की जिम्मेवारी दी गई है।