छात्रा को गोली मारने वाला गिरफ्त से बाहर
पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली झारखंड के गोड्डा की छात्रा को गोली मारने वाला शातिर अबतक फरार है। 3 मार्च को कदमकुआं थाने के नयाटोला स्थित गोपाल मार्केट के पास हुई घटना में छात्रा के पैर में दो गोलियां लगी थीं। मामले में छात्रा का फर्दबयान लिया गया था। जिस दुकान पर छात्रा सुधा की मिठाई खरीदने गई थी उसके दुकानदार राजेश के लिखित बयान पर राहुल सिंह और अक्षय कुमार पर मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा पांच-छह अज्ञात पर मामला दर्ज है। लेकिन, घटना के दस दिन से अधिक बीत जाने के बाद भी दोनों नामजद अाराेपी फरार हैं। प्रभारी थानेदार राकेश कुमार ने कहा कि दोनों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गोपाल मार्केट के पास राजेश की किराना दुकान है। पास में ही राहुल सिंह मंचूरियन का ठेला लगाता है। राहुल के यहां राजेश का 20 हजार रुपए कई महीनों से बकाया था। नहीं देने की स्थिति में राजेश ने राहुल को सामान देना बंद कर दिया था। राजेश एक दिन राहुल के घर पर भी पैसे का तगादा करने चला गया था। इसी से राहुल गुस्से में था।
निशाने पर था राजेश, छात्रा को लगी गोली
राहुल 3 मार्च को अपने छह-सात शागिर्दों के साथ पहुंचा और राजेश को निशाना बनाकर गोली चला दी। घटना में राजेश बाल-बाल बच गया, लेकिन सामान खरीद रही छात्रा को गोली लग गई। दोनों नामजद राहुल सिंह और अक्षय का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। घटना के कई प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को गुप्त रूप से बताया भी कि गोली राहुल ने ही चलाई है। थाने की पुलिस जल्द ही दोनों नामजदों का गिरफ्तारी वारंट लेगी। गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में दोनों के खिलाफ कुर्की वारंट भी लिया जाएगा।