बारिश व ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का किया जाएगा सर्वे
शुक्रवार की रात व शनिवार की सुबह में हुई बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। किसानों की रबी फसलों पर शामत आ गई है। तेज हवा, ओले व बारिश से सरसों आलू तथा गेहूं तथा दलहनी फसल को नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि के चलते कई गांवों में गेहूं व अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। फसल खेतों में पसर गई है। इससे करीब 30 प्रतिशत से अधिक उत्पादन प्रभावित होगा। फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए विभाग के निर्देश पर कृषि विभाग के अधिकारी गांवों जा रहे हैं। दरअसल 10 दिनों के अंतराल में दोबारा बारिश हुई थी। पहली बार हुई बारिश में नुकसान कम आंकी गई थी। दोबारा बारिश में किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को 13 एमएम तथा शनिवार को 15 एमएम बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार की रात व शनिवार की सुबह हुई बारिश में जिले के सभी प्रखंडों सहित सदर प्रखंड के खालिसपुर, छोटपुर, अमलोरी, सरसर, विशुनपुर आदि गांव में बारिश से गेहूं की फसलें जमीन पर लेट गई हैं। कई प्रखंडों में ओले पड़ने से गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। किसानों की मांग पर कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा सर्वे किया गया। टीमें ओलावृष्टि वाले गांवों में पहुंचीं तो गेहूं की फसल खेतों में पसरी मिलीं।