गर्दनीबाग में टीईटी शिक्षकों ने कराया सामूहिक मुंडन
डीईओ कार्यालय का किया घेराव
पटना| बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ ने शुक्रवार को डीईओ कार्यालय का घेराव एवं प्रदर्शन िकया। संघ के अध्यक्ष केदारनाथ पाण्डेय और महासचिव शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने कहा कि शिक्षकों की मांगें जायज हैं। सरकार दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। मूल्यांकन बहिष्कार जारी रहेगा। जब तक मांगों को नहीं माना जाएगा हड़ताल जारी रहेगी।
जनसंपर्क, हस्ताक्षर अभियान शुरू
पटना| बिहार राज्य शिक्षक संघर्ष समिति के संयोजक ब्रजनंदन शर्मा ने कहा कि प्रखंडों में जनसंपर्क, हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। समिति की बैठक 14 मार्च को भुवनेश्वर शिक्षक सेवा सदन में होगी। उधर, परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ के महासचिव आनंद मिश्रा ने कहा कि जबतक मांगें पूरी नहीं होती, हड़ताल खत्म नहीं करेंगे।
टीईटी शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति से जुड़े शिक्षकों ने कराया मुंडन।
पटना| राज्य के हर जिले से आए टीईटी शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति के 600 टीईटी शिक्षकों ने शुक्रवार को गर्दनीबाग में मुंडन करवाकर अपना विरोध दर्ज कराया। अमित विक्रम, रजनीश रंजन व अमरदीप ने कहा कि मुंडन के बाद बालों को लिफाफे में बंद कर सरकार काे भेजा गया है ताकि डीएनए टेस्ट से यह पता किया जा सके कि वे योग्य हैं या अयोग्य।