चौसा के पैक्स अध्यक्ष के बेटे का अपहर्ता गिरफ्तार
बक्सर के चौसा के पैक्स अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा के बेटे मनीष रंजन के अपहरण के मुख्य आरोपी शशांक को उसके दो शागिर्दों के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस ने उसे पटना जंक्शन के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने औरंगाबाद के शशांक, अंकित और भोजपुर के पुष्पक पांडेय को एक किलो गांजा, एक बाइक और तीन मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया। शशांक ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने ही अपने अन्य साथियों के साथ जनवरी में मनीष रंजन का अपहरण कर लिया था। मामले में नौ अपराधी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। कोतवाली थानेदार राम शंकर सिंह ने कहा कि शशांक को दो अन्य के साथ गिरफ्तार किया गया है। पाटलिपुत्र थाने के एक अपहरण के मामले में वह फरार चल रहा था। तीनों से पूछताछ की जा रही है।
आईआईटी की परीक्षा देने आए
छात्र का किया था अपहरण
बक्सर के चौसा के पैक्स अध्यक्ष का बेटा मनीष पटना आईआईटी की परीक्षा देने आया था। वह पाटलीपुत्र इलाके में ही एक मित्र के यहां रुक गया था। 9 जनवरी की रात दोनों ढ़ाबा से खाना खाकर जैसे ही निकले कार सवार अपराधियों ने मनीष का अपहरण कर लिया। 13 जनवरी को पुलिस ने मनीष को बेतिया स्थित एक लॉज से बरामद किया था।
गांजा के साथ गिरफ्तार अपहरण के आरोपी।
मुख्य अपहर्ता के साथ दो शागिर्द भी पकड़े गए
शशांक और अंकित ग्रामीण हैं। वहीं पुष्पक पांडेय शशांक का मित्र है। शशांक इन दिनों गांजा और शराब का धंधा कर रहा है। वह औरंगाबाद से बाइक से ही एक किलो गांजा का सैंपल लेकर पटना पहुंचा था। उसे पटना जंक्शन के पास किसी तस्कर को गांजा देना था। इसके बाद गांजे की बड़ी खेप ही डील होती। लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि तीनों के तार किसी बड़े शराब और गांजा माफिया से जुड़े हुए हैं।