मटकी फोड़ने में गिरे, फिर संभले तब फोड़ी मटकी
होली के दिन थाना क्षेत्र के विष्णुपुरा गांव में मटका फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में युवाओं व उसकी टीम ने हिस्सा लिया। ब्रह्मस्थान विष्णुपुरा में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन पंचायत के मुखिया सुरेश सिंह उर्फ मुरारी सिंह ने किया। प्रतियोगिता में शामिल युवाओं में विजेता आशीष रंजन की टीम बनी। उपस्थित लोगों में मयंक मौर्या, गोलू कुमार, अमन राज, लालू कुमार, विक्की, रवि सिंह, विनीत कुमार, मयंक कुमार, अंकु कुमार, टिंकू भाई, चुगलु कुमार, सरपंच जवाहिर सिंह, पैक्स अध्यक्ष मिथलेश सिंह, राजद नेता अशोक हिंदुस्तानी, पोदी सिंह, नागेंद्र सिंह, धीरज कुमार, मंटू सिंह सहित कई अन्य शामिल थे। दूसरी ओर प्रति वर्ष की भांति बसिऔरा के अवसर पर परेव गांव में मटका फोड़ महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें परेव की कई टीमों ने भाग लिया। काफी कड़ी मशक्कत के बाद 25 फीट की ऊंचाई पर लटक रहे मटके को रोहित कुमार की टीम ने बिना अपने हाथों की मदद लिए सिर से मटका फोड़कर इनामी प्रतियोगिता के इनाम पर हक जमाया। विजेता टीम में शामिल अन्य लोगों में मोहित कुमार, कौशल कुमार, सूरज कुमार, गोलू कुमार, अमन कुमार, अमन, विक्रम, प्रिंस राज, आयुष कुमार, शिशुपाल प्रसाद एवं रामपाल प्रसाद आदि प्रमुख थे। विजेता टीम को 25,000 रुपए नकद इनाम देते हुए जिला पार्षद उपाध्यक्ष ज्योति सोनी ने कहा कि अपनी संस्कृति को कायम रखना हमारी जवाबदेही है। आयोजन में जीवन कुमार,सुदामा कुमार एवं दीपक कुमार ने मुख्य भूमिका निभाई। फतुहा में होली व बसियौरा पर शहर के अंदर कई जगहों पर मटका फोड़ का आयोजन किया गया। मंगलवार को होली के अवसर पर शीशामील के विजय नगर में तथा मकसूदपुर में युवाओं की एक टीम ने मटका फोड़ा। वहीं बसियौरा पर बुधवार को थाना के सामने बांकी पुर गोरख मुहल्ले तथा दरियापुर मध्य विद्यालय के प्रांगण में मटका फोड़ का आयोजन किया गया।
मटकी फोड़ देखने के लिए जुटी हजारों लोगों की भीड़
मसौढ़ी | छिटपुट घटनाओं को छोड़ मसौढ़ी व धनरुआ प्रखंडों में आपसी भाईचारे व प्रेम का पर्व होली शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के बीच संपन्न हो गया। इस मौके पर लोगों ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगा होली का मुबारकबाद दी। हालांकि कुछ मनचले युवक नशे में धुत होकर हुड़दंग मचाते रहे। बसियौरा होली के मौके पर बुधवार को लोगों ने मटका फोड़ होली खेली। इस मौके पर विभिन्न गांवों में झुमटा निकाला गया। इधर, लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास बनाए रखने को लेकर बीते सोमवार को होली के मौके पर एसएसपी उपेंद्र शर्मा ने अर्द्ध सैनिक बलों के साथ शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया व लोगों से आपसी सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की।
बिहटा में मटकी फोड़ने के लिए जमा उत्साही युवकाें की टीम।