दो विदेशी पिस्टल व 18 कारतूस के साथ तीन हथियार तस्कर गिरफ्तार
बहादुरपुर थाना की पुलिस ने जय महावीर कॉलोनी के पास बाइक से जा रहे तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार की रात इन तीनों को बाइक के साथ उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब ये लोग दो यूएस मेड ऑटोमेटिक पिस्टल, चार मैग्जीन व 18 कारतूस को किसी को बेचने जा रहे थे। गिरफ्तार तस्करों में रजत कुमार, रूदल व छोटा उर्फ छोटू है। इनमें रजत पर बहादुरपुर थाना में हत्या का केस दर्ज है। हत्या के बाद वह गिरफ्तार नहीं हो सका था। बाद में उसे जमानत मिल गई थी। रजत और रूदल जय महावीर कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है, जबकि छोटू बहादुरपुर थाना के ही रामकृष्णा कॉलोनी में रहता है। पुलिस इनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।