पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
जगदीशपुर (आरा). गुरुवार को आरा-मोहनिया नेशनल हाइवे-30 पर मौत का कहर बरपा। एनएच पर जगदीशपुर प्रखंड के बभनियांव गांव के समीप एक ऑटो और पिकअप गाड़ी की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में ऑटो में सवार दो यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाद में गंभीर घायल तीसरे यात्री की आरा शहर में इलाज के दौरान मौत हो गई। ऑटो में सवार अन्य यात्री गंभीर घायल हो गए। वहीं, हादसे के बाद पिकअप का चालक फरार हो गया।
मृतकों में ऑटो चालक 20 वर्षीय राहुल कुमार, पिता-स्व. रामचन्द्र रवानी एवं 70 वर्षीय बुजुर्ग नथुनी मिश्रा की घटनास्थल पर मौत हुई। जबकि, इलाज के दौरान आरा के अस्पताल में सुरेश महतो की मौत हुई। नथुनी मिश्र अपने इलाज के लिए आरा शहर जा रहे थे। सुरेश, पश्चिम बंगाल के अासनसाेल जंक्शन जाने के लिए आरा स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। जोरदार टक्कर के बाद ऑटो के परखच्चे उड़ गए। पिकअप भी सड़क किनारे पलट गई।दुर्घटना होते ही लोग घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल, दुलौर ले जाया गया।
समय पर नहीं मिली एंबुलेंस, भड़क गए लोग
घटना में घायलों को उचित इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाने को लेकर अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मची रही। एंबुलेंस की तत्काल व्यवस्था नहीं होने पर लोग भड़क गए। वहीं, परिजनों द्वारा अन्य माध्यमों के द्वारा घायलों को इलाज के लिए ले जाया गया। इतनी भीषण टक्कर हुई कि धमाके की आवाज काफी दूर तक गई। लोग कुछ समझ पाते हादसा हो चुका था। लाशों के बिखरे पड़े होने के साथ ही घायलों के चीत्कार से लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.