मैरवा में बालू लोडेड चार ट्रकों पर दो लाख 15 हजार जुर्माना
मैरवा पुलिस ने मैरवा के गुठनी मोड़ से बालू लदे ओवर लोडेड चार ट्रक जब्त कर लिया तथा इसकी सूचना खनन विभाग को दी। खनन विभाग ने जब्त चारों ट्रकों पर 2 लाख 15 हजार रुपए का जुर्माना किया है। इन ट्रकों पर निर्धारित मात्रा से अधिक वजन बालू लदा था। वाहन जांच के दौरान पुलिस ने इन ट्रकों पर वैध मानक के अनुरूप वजन नहीं पाया। ये ट्रक यूपी की तरफ जा रहे थे जिसे पुलिस ने जब्त कर खनन विभाग को सौंप दिया। जिसपर खनन विभाग ने 2 लाख 15 हजार रूपये का जुर्माना आरोपित किया है।
ओवरलोडिंग पर रोक नहीं लगा पा रहा प्रशासन
जिले में प्रशासन द्वारा बालू की ओवरलोडिंग पर लगाम लगाने की लाख कोशिशों के बाद भी ओवरलोडिंग का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसका पता आम लोगों को तब चलता है जब ओवरलोड बालू लदे ट्रक सड़क में फंस जाते हैं। ओवरलोडेड बालू लदे ट्रक जब सड़कों से गुजरते हैं तो उस दौरान लोगों को पता नहीं चल पाता है कि ट्रक पर क्या लदा है। क्योंकि, ट्रकों पर बालू लोड कर उसे तिरपाल से ढंक दिया जाता है। खनन विभाग के द्वारा केवल नाम के लिए ही कार्रवाई कभी कभी की जाती है। शहर के छपरा रोड, तरवारा रोड, मैरवा रोड सहित कई जगहों पर सड़क के किनारे ही बालू डंप कर उसकी बिक्री की जा रही है। जबकि सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह गलत है। अक्सर यह देखने व सुनने को मिलता है कि सड़क के किनारे डंप किये गए बालू पर फिसलने से कई बाइक सवार गिर कर घायल हो जाते हैं। लेकिन खनन विभाग इससे अनभिज्ञ बना हुआ है। खनन विभाग के ढुलमुल रवैये से बालू का अवैध कारोबार खूब फल फूल रहा है।