पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
पटना. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मशरूम महिला के रुप में प्रसिद्ध मुंगेर की वीणा देवी और भारतीय वायुसेना की प्रथम महिला फाइटर पायलट दरभंगा की भावना कंठ को ‘नारी शक्ति पुरस्कार’ से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है। वीणा देवी और भावना कंठ को रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि महिलायें समाज का अभिन्न हिस्सा हैं, वे अपनी प्रतिभा के बलबूते विभिन्न क्षेत्रों में अलग पहचान बना रही हैं। वीणा देवी अपनी पंचायत में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए जानी जाती हैं। वे मशरुम की खेती करने के लिए महिलाओं को लगातार प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने सैंकड़ों महिलाओं को अत्मनिर्भर बनाया है। वे धौरी पंचायत की सरपंच भी रह चुकी हैं। वहीं भारतीय वायुसेना की फाइटर पायलट भावना कंठ ने पूरे देश में बिहार का नाम रौशन किया है। वे भारतीय वायुसेना की पहली महिला कॉम्बैट फाइटर पायलट हैं, जिन्हें जून 2016 में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू दस्ते में शामिल किया गया था। बिहार को इन दोनों की उपलब्धियों पर गर्व है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.