जलजमाव को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
खगौल। गाड़ीखाना स्थित बटाला के बगल से गुजर रही दानापुर आदमपुर मुख्य मार्ग की हालत जर्जर होने से नाराज लोगों ने शनिवार को जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन व सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए सड़क को अवरूद्ध कर दिया । प्रदर्शन में शामिल राम एकबाल चौधरी, राजू पासवान, ममता देवी, विजय चौधरी, लालबाबू राय, सूर्यकांति देवी, शीला देवी आदि का कहना था कि विगत ग्यारह वर्षों से आदमपुर की मुख्य सड़क जर्जर है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी सड़क पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो वे सड़क जाम कर बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। विधायक आशा सिन्हा ने कहा कि वे प्रयासरत हैं कि जल्द से जल्द सड़क बन जाए।