पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Bihar
  • Patna
  • Patna News Work On The Action Plan To Free Patna From Waterlogging Will Start Tomorrow Dm Municipal Commissioner Will Investigate

पटना को जलजमाव से मुक्त कराने के एक्शन प्लान पर कल से शुरू होगा काम, डीएम-नगर आयुक्त करेंगे जांच

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

राजधानी को जलजमाव से मुक्त कराने के लिए गुरुवार को नगर विकास एवं आवास विभाग में नालों के मास्टर प्लान की कंसलटेंट एजेंसी एएआरवीई एसोसिएट्स ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजना बतायी। विभाग के सचिव आनंद किशोर को एजेंसी ने बताया कि 14 मार्च से एक्शन प्लान पर काम शुरू हो जाएगा। पटना में कुर्जी, सैदपुर, आनंदपुरी, जोगीपुर, बाईपास, योगीपुर और पहाड़ी समेत कुल 13 बड़े नाले हैं, जिनमें 4 भूमिगत हैं। इनकी साफ-सफाई के लिए कंसल्टेंट कंपनी ने मशीनों की खरीद की जरूरत बताई।

बैठक में गेल इंडिया, इंडियन ऑयल और नमामि गंगे का काम कर रही एजेंसियों पर आरोप लगाते हुए नगर निगम ने शिकायत की कि पाइपलाइन बिछाने के क्रम में सड़कों को खोद कर ढका नहीं जा रहा। कई बार बिना बताए एजेंसियां सड़कों को खोद देती हैं, जिससे परेशानी होती है। सचिव ने निर्देश दिया कि काम शुरू करने से पहले संबंधित एजेंसियां नगर निगम और पथ निर्माण को इसकी सूचना दें और एनओसी लेकर ही काम करें। पटना नगर निगम को निर्देश दिया कि वह एक सप्ताह में एनओसी जारी करे, ताकि काम में देरी न हो। कहा- डीएम और नगर आयुक्त की टीम जांच कर कमियों को दूर करेगी। एक समन्वय समिति बनायी जाएगी, जिसके अध्यक्ष बुडको के प्रबंध निदेशक होंगे। इसमें पटना के नगर आयुक्त और तमाम निर्माण कार्य से जुड़ी एजेंसियां भी रहेंगी। इसकी साप्ताहिक बैठक होगी, जिसमें सभी समस्याओं का हल निकाला जाएगा।

एक सप्ताह में 9 नालों का ड्रोन सर्वे

नगर आयुक्त ने बताया कि अबतक 50 किलोमीटर नाले की सफाई पूरी कर ली गई है। शेष नालों की सफाई 31 मई तक हो जाएगी। 9 बड़े और अंडरग्राउंड नालों को छोड़कर सभी नालों की साफ-सफाई निगम कर रहा है। सचिव ने कहा- सफाई के बाद नाला उड़ाही की जांच कराई जाएगी, ताकि कमियों को तुरंत दूर किया जा सके। इसके लिए टीम बनेगी, जो नालों की सफाई की जांच करेगी। सचिव ने कंसलटेंट कंपनी को 9 बड़े नालों और खुले मध्यम आकार के नालों का ड्रोन सर्वे एक सप्ताह के अंदर पूरा करने का आदेश दिया।

मशीनों की खरीद के लिए निकलेगा टेंडर, रिक्त पदों पर होगी नियुक्ति

सचिव ने कहा कि जिन मशीनों का कम से कम 4 महीने तक इस्तेमाल होगा, उसे पटना नगर निगम खरीदेगा। अन्य मशीनें, जिनका उपयोग कम समय के लिए किया जाएगा, उसे किराए पर लिया जाएगा। बैठक में रिक्त पदों पर नियुक्ति पर भी चर्चा हुई। सचिव ने बुडको काे पंप हाउस के संचालन के लिए पद सृजन का प्रस्ताव देने का आदेश दिया, जिसे स्वीकृति के लिए कैबिनेट के पास भेजा जाएगा।

सर्वे के लिए कंसल्टेंट की लें मदद

सचिव ने कहा कि दानापुर इलाके में जहां भी नालों की सफाई का काम होना है, उसका जल्द टेंडर निकालें। खगौल से सगुना मोड़ तक के नाले की खुदाई और रोड कटिंग का टेंडर 4 दिनों के अंदर प्रकाशित करें। ऐसा नहीं करने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। दानापुर के कार्यपालक अभियंता से पिछले साल हुए जलजमाव को लेकर स्पष्टीकरण पूछने और कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में वेतन बंद करने का आदेश दिया। खगौल के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर को एलाइनमेंट और सर्वे के लिए कंसल्टेंट एजेंसी की मदद लेने का निर्देश दिया।

पुराने ड्रेनेज, चोकिंग और कनेक्टिविटी के अभाव पर भी हुई चर्चा

बैठक में जलजमाव से निपटने की समस्या, चुनौतियां और अतिक्रमण पर चर्चा की गई। सचिव के स्तर से कई दिशा-निर्देश दिए गए। पुराने ड्रेनेज, चोकिंग और कनेक्टिविटी के अभाव के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दाैरान पटना के डीएम कुमार रवि, बुडको के एमडी रमन कुमार, पटना नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा और दानापुर, फुलवारीशरीफ तथा खगौल निकाय के अधिकारी भी मौजूद थे।

बादशाही नाले की चिह्नित जगहों पर तेजी से करें काम, साफ-सफाई का रखें विशेष ध्यान

सचिव ने बादशाही नाले की व्यापक तौर पर सफाई एवं उड़ाही करने का निर्देश दिया। सिंचाई विभाग के अधिकारी ने बताया कि यहां सात करोड़ आठ लाख के कुल दो टेंडर हैं और 2 मार्च से काम शुरू हो चुका है। निर्माण कार्य 15 मई तक पूरा हो जाएगा। सचिव ने कहा कि बादशाही नाले की चिह्नित 45 जगहों पर अवरोध हटाने की कार्रवाई तुरंत शुरू करें और जलकुंभियों को हटाते रहें। भूमिगत नालों की भी सफाई तेज करें। पोस्टल पार्क चौराहा, मीठापुर बाईपास और बालाजी हॉस्पिटल के पास बिजली के तार भूमिगत हैं, जिससे दिक्कत आ रही है। इस पर सचिव ने पेसू के जीएम को 15 दिनों में काम पूरा करने का निर्देश दिया।

समीक्षा बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव आनंद किशोर।

पटना में 50 किलोमीटर छोटे नालों की हुई सफाई, शेष काम 15 दिनों में पूरा करने का निर्देश
खबरें और भी हैं...