जल-जीवन-हरियाली योजनाओं में गड़बड़ी हुई तो बर्खास्त होंगे कर्मी
लघु जल संसाधन विभाग के अपर सचिव गोपाल मीणा ने कहा है कि जल-जीवन-हरियाली से जुड़ी योजनाओं में सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया तो संबंधित अधिकारी-कर्मी बर्खास्त होंगे। गुरुवार को जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी। इसी क्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अलग-अलग जिलों की भी समीक्षा की गयी। उन्होंने बताया कि विभाग में दो करोड़ से ऊपर की 86 योजनाओं पर काम चल रहा है।
मीणा ने इंजीनियरों को अपना सारा काम कार्यालय अवधि में ही पूरा करने को कहा है। निजी आवास पर ठेकेदारों से किसी तरह की मुलाकात पर रोक लगाते हुए कहा कि यदि इंजीनियर ऐसा करते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि मुख्यालय किसी योजना का ऑन स्पॉट निरीक्षण कर सकता है। विभागीय पदाधिकारी से टेक्नोलॉजी को मित्र के रूप में स्वीकार करने का अनुरोध भी किया।
अपर सचिव ने कहा कि सभी संवेदक और अभियंता विभाग द्वारा बनाये गए पोर्टल पर अपने कार्य का विवरण देंगे, जिससे आम जनता तक जानकारी सहज रूप से उपलब्ध हो पाएगी। विभाग जल्द ही आमजनों के लिए व्हाट्सप नंबर के साथ-साथ पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध करेगा, जिस पर वे अपनी शिकायत सीधे तौर पर दर्ज करा सकते हैं और विभाग उसकी जांच मुख्यालय स्तर से कराएगी। बैठक में विशेष सचिव कुमार अरुण प्रकाश, अधीक्षण अभियंता रवीन्द्र कुमार सिंह मौजूद थे।