25 फीसद शौचालय का कार्य बाकी, 31 तक पूरा करें लक्ष्य
केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मिशन सचिव परमेश्वरन अय्यर की अध्यक्षता में देर शाम समाहरणालय सभागार में जिले को ओडीएफ बनाने को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि निजी संस्था के द्वारा करवाए गए रेंडम सैंपल के दौरान जिले में लगभग 25 प्रतिशत शौचालय निर्माण का कार्य अभी भी बचा है। 31 मार्च तक इस गैप को हर हाल में पूरा कर लिया जाना है। 31 मार्च के बाद सहायता राशि का पैसा वापस लौट जाएगा।
उन्होंने जिलाधिकारी राहुल कुमार से जिले को ओडीएफ बनाने के लिए किये जा रहे प्रयासों की भी चर्चा की। समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जिल प्रशासन के द्वारा दशहरा के समय जिले में 100 घंटे का स्पेशल ड्राइव चलाया गया था।इसके अलावा पंचायत वार टीम का गठन कर निर्माण कार्य की समीक्षा की जा रही है। जिले में अभी लगभग 76 प्रतिशत शौचालय के जिओ टैगिंग का कार्य पूरा हो चुका है। शौचालय निर्माण कार्य में गति लाने के लिए काम उपलब्धि वाले 50 पंचायतों को चिन्हित कर शौचालय निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही साथ बेहतर कार्य करने वाले मुखियाओं को सम्मानित भी किया जा रहा है।
केंद्रीय सचिव ने बचे हुए गैप को भरने के लिए सामुदायिक शौचालय का निर्माण करवाने और जिन लोगों का नाम अभी भी सूची में शामिल नहीं है, उनको इस महीने के अंत तक शौचालय की सुविधा उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक के दौरान विशेष सचिव राहुल माहिवाल, आनंद किशोर, राजीव कुमार सिंह के अलावा अपर समाहर्ता मो. तरीक इकबाल, प्रशिक्षु आईएएस प्रतिभा रानी, सभी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी जिला जल एवं स्वच्छता समन्वयक समन्वयक समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पूर्णिया पर तैयार कॉफी टेबल बुक देकर उन्हें सम्मानित किया।
ओडीएफ बनाने को लेकर समीक्षा बैठक करते केंद्रीय सचिव व डीएम।