- Hindi News
- National
- Purnia News 8 Lakh Property Stolen Including 50 Thousand Cash In Lock Of Engineer39s Locked House In Durgabari
दुर्गाबाड़ी में इंजीनियर के बंद घर का ताला तोड़ 50 हजार नगद सहित 8 लाख की संपत्ति चोरी
10 महीने में इंजीनियर के घर दूसरी बार हुई चोरी
शहर में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों ने दुर्गाबाड़ी सतीनाथ भादुड़ी लेन स्थित एक इंजीनियर के घर से 50 हजार कैश समेत लगभग आठ लाख की संपत्ति की चोरी की। ग्रामीण कार्य विभाग के कनीय अभियंता फुलेश्वर रजक अररिया में पोस्टेड हैं और यहां उनका अपना मकान है। वे बीच-बीच में यहां आते-जाते रहते हैं। इंजीनियर श्री रजक ने बताया कि 10 महीने पहले भी उनके घर में चोरी हुई थी। यह दूसरी बार चोरी हुई है। पुलिस के रवैये के प्रति आक्रोश व्यक्त करते हुए इंजीनियर ने कहा कि पहली चोरी की घटना का मामला दर्ज कराने मैं दो महीने तक थाने का चक्कर लगाता रहा,लेकिन पुलिस अन्तत: केस दर्ज नहीं ही की। पुलिस के द्वारा सिर्फ कार्रवाई का आश्वासन मिलता रहा।
छुट्टी में अररिया से घर आया तो देखा सबकुछ गायब
घर में हुई चोरी की जानकारी इंजीनियर श्री रजक को 9 मार्च की रात साढ़े दस बजे तब चली जब वे होली की छुट्टी में अररिया से अपने घर पूर्णिया आए थे। उन्होंने बताया कि होली में जब वे घर आए तो देखा सब कुछ गायब है। दस महीने में दो बार चोरी के बाद अब किसके भरोसे सुरक्षा होगी।
इंजीनियर श्री रजक ने बताया कि अपराधियों ने मेन गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया और घर में रखे चार लोहे की आलमारी, एक दीवान आदि को तोड़कर उसमें रखे 50 हजार रुपए नकद, दो सोने की चेन, चार सोने की अंगूठी, एक 50 ग्राम का सोने का सिक्का, 32 इंच का एलइडी टीवी, एक डेस्टस्टॉप, सीसीटीवी कैमरा आदि कीमती सामान चुरा कर फरार हो गया। गृहस्वामी ने बताया कि सोने व अन्य सामान लगभग साढ़े सात लाख के आसपास का होगा। इंजीनियर ने बताया कि घर में चोरी करने आया अपराधी का कुछ सामान भी सीढ़ी पर छूटा हुआ है। अगर पुलिस खोजी कुत्ता बुलाकर मामले को गंभीरता से ले तो अपराधियों का तुरंत पता चल सकता है। उन्होंने बताया कि 12 मई 2019 को भी अपराधियों ने घर का ताला तोड़कर लगभग 6 लाख की चोरी की थी।
मामले में सहायक खजांची हाट थाने में आवेदन भी दिया था लेकिन मामला तक दर्ज नहीं किया गया था। होली के मौके पर घर का ताला तोड़कर चोरी होना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। इधर, सहायक खजांची हाट थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि आवेदन मिला है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
दुर्गाबाडी में चोरी हुए सामानों को दिखाते अधिकारी।