आग लगने से चार घर जलकर राख लाखों की संपत्ति का हुआ नुकसान
प्रखंड के निपनिया पंचायत के अलीगंज गांव में आग लगने से चार घर जलकर राख हो गया। घटना बुधवार देर रात की है। अगलगी में प्रकाश पासवान, राजेश पासवान, दशरथ पासवान एवं संजीव पासवान का घर और उसमें रखा सामान राख हो गया। अग्निकांड के बारे में पीड़ित प्रकाश पासवान ने बताया कि बुधवार देर रात उन्होंने अपने घर से आग की लपटें देखने के बाद शोर मचाया।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इसमें उनके भाइयों का घर भी चपेट में आ गया। वहीं शोर सुनने के बाद काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच कर आग बुझाने का प्रयास करने के साथ-साथ दमकल को इसकी सूचना दी।
दमकल पहुंचने से पहले ग्रामीणों द्वारा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि चारों घर एवं घर में रखा अनाज, कपड़ा, कागजात एवं जेवरात जलकर राख हो गया। आग लगने से लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं आग लगने की सूचना मिलते ही बीकोठी भाजपा मंडल अध्यक्ष मंटू कुमार दास द्वारा पीड़ितों के घर पहुंच कर ढाढ़स बंधाते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया। पीड़ित परिवारों द्वारा अग्निकांड की सूचना थाना एवं अंचल को देकर मदद का गुहार लगाया गया है। इस संबंध में अंचलाधिकारी निरंजन कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ित के द्वारा घर जलने की सूचना मिली है। जांच करवाकर पीड़ित को मुआवजा राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।
अलीगंज में आग लगने के बाद घर के जले सामान को देखतीं महिलाएं।