मृतक के परिजनों से मिलने पहुंची लेशी सिंह
केनगर | हरियाणा के हिसार जिले के पपरा पुलिस चौकी हाईवे पर चार दिन पूर्व हुए सड़क हादसे में गंभीर रुप से जख्मी केनगर प्रखंड के गणेशपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड 12 निवासी लाल बहादुर दास का 25 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार दास की मौत इलाज के दौरान हो गई। मृतक 25 फरवरी 2020 को इंटर की परीक्षा देकर कमाने के लिए हरियाणा के हिसार चला गया था। मृतक अपने दो भाई एवं एक बहन में सबसे बड़ा था। मृतक का पार्थिव शरीर गुरूवार को जैसे ही गणेशपुर गांव पहुंचा कि लाश देखने के लिए गांव के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं मृतक की मां व अन्य परिजनों की चीख पुकार से गांव का माहौल गमगीन हो गया। घटना की सूचना पर धमदाहा विधायक लेशी सिंह, पार्टी के प्रदेश महासचिव आशीष कुमार बब्बू एवं अन्य लोग गणेशपुर गांव पहुंचकर मृतक के परिजनों को ढांढ़स बंधाया। उन्होंने परिजनों से कहा कि वे हरियाणा सरकार से मुआवजे की भी मांग डीएम के माध्यम से करेंगी।