- Hindi News
- National
- Kothi News Ljp Block President Bhrigunath39s Body Found Hanging For A Walk
टहलने निकले लोजपा प्रखंड अध्यक्ष भृगुनाथ की फंदे से लटकी मिली लाश
बड़हरा कोठी प्रखंड लोजपा अध्यक्ष भृगुनाथ भगत की बड़हरा गुदरी बाजार हाट के दक्षिण पूर्व में स्थित रिलायंस जियो टावर में रस्सी के सहारे लटकी लाश मिली है। लाश घुटने के बल जमीन पर टिका था। गर्दन में रस्सी बंधी थी। रस्सी का एक सिरा टावर के रॉड में फंसा हुआ मिला। लाश को देखकर ऐसा लगता है कि हत्या के बाद लाश को यहां लटकाया गया है। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा गया है कि उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। साथ ही उसकी मौत के बाद परिवार को लोगों को परेशान न किया जाए। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि भृगुनाथ भगत ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं था। वह केवल हस्ताक्षर कर सकता था। परिजनों के अनुसार मृतक भृगुनाथ भगत 4 बजे सुबह उठकर टहलने के लिए निकले थे।
घटना की जानकारी लोगों को सुबह छह हुई, जब हाट के व्यवसायी टहलने निकले। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। कोई इसे हत्या तो कोई आत्महत्या बता रहा है। घटनास्थल की वस्तुस्थिति और घटना की प्रकृति देख ज्यादतर लोग इसे हत्या ही मान रहे हैं। बड़हरा कोठी थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने घटनास्थल पहुंचकर लाश को कब्जे में ले लिया।
प्रखंड लोजपा अध्यक्ष की मृत्यु की खबर मिलते ही लोजपा के प्रदेश महासचिव शंकर झा बाबा, जिलाध्यक्ष माधव सिंह, बड़हरा कोठी मंडल भाजपा अध्यक्ष मंटू कुमार दास, प्रखंड जदयू अध्यक्ष तारानंद सिंह, बासुदेवपुर के मुखिया अभयनाथ झा उर्फ बच्चन झा, पूर्व मुखिया चतुरानंद साह उर्फ राजा साह, बड़हरा कोठी के पूर्व मुखिया विनोद कुमार दास सहित अन्य लोगों ने घटनास्थल एवं मृतक के घर पहुंच कर परिजनों का सांत्वना दिया। बड़हरा थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया भेजा गया है।
वारदात: मृतक के पास से मिला सुसाइड नोट, लोगों ने कहा-वह केवल हस्ताक्षर कर सकता था
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही खुलेगा राज
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का पता चलेगा, क्योंकि फांसी लगाकर आत्महत्या करने पर रस्सी टावर से बंधा रहता और लाश भी झूलती, लेकिन रस्सी का सिरा टावर से फंसा रहना और मृतक का घुटना जमीन पर टिका रहना आत्महत्या के अनुमान को खारिज कर रहा है। दूसरी ओर इतनी व्यस्त जगह पर सुबह में हत्या कर लाश को आत्महत्या का रूप देना भी किसी को हजम नहीं हो रहा है, जबकि परिजन 4 बजे सुबह जगकर टहलने के लिए निकलने की बात कह रहे हैं। कुछ स्थानीय लोगों के अनुसार वह इधर कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान जरूर लग रहा था।
बीकोठी गुदरी बाजार हाट के दक्षिण टावर से लटकी लाश को देखने पहुंचे लोग।
लोजपा प्रखंड अध्यक्ष की जेब से यही सुसाइड नोट मिला, जिसमें उन्होंने किसी को परेशान ना करने की बात कही है।