पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Purnia News Marriage Of The Young Man Who Returned From Abroad Due To Corona Virus Stopped 14 Days The Doctor Was Under Surveillance

कोरोना वायरस को लेकर विदेश से लौटे युवक की रुकी शादी, 14 दिन डॉक्टर निगरानी में था

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

देश में कोरोना वायरस के प्रसार को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट मोड पर है। हालांकि पूरे बिहार में कोरोना के एक भी मामले सामने नहीं आए हैं। लेकिन स्वास्थ्य संस्थानों को एक्टिव कर दिया गया है। विदेश से लौट रहे व्यक्तियों को क्वारेंटाइन किया जा रहा है। ऐसा ही मामला बैसा प्रखंड के धुसमल एक व्यक्ति जो सऊदी अरब से घर लौटा है उसकी मेडिकल जांच की जा रही है। इस संबंध में सिविल सर्जन मधुसूधन प्रसाद ने बताया कि इस व्यक्ति में कोरोना वाइरस जैसे कोई लक्षण अबतक नहीं मिले हैं। लेकिन एहतियात के तौर पर सावधानियां बरती जा रही हैं।

इस व्यक्ति को बाहर जाने आने से लोगों से बातचीत करने से मना किया गया है। फिलहाल पीएचसी स्तर से उसके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है। कटिहार व समस्तीपुर के दो संदिग्धों की पहचान की गई है। इनमें भी कोरोना का कोई लक्षण नहीं पाया गया है। मेडिकल टीम पूरी तरह एक्टिव मोड में है। जैसे ही कोई इस तरह का मामला सामने आता है उसे सदर अस्पताल के कोरोना वार्ड में भर्ती कराया जाएगा। सीएस ने बताया कि सदर अस्पताल में सात सदस्यीय क्विक रिस्पांस टीम बनाई गई है। जिसमें तीन डॉक्टर शामिल हैं। पूरे देश में 76 कैस कोरोना वाइरस के मिले है जिसमें ज्यादा कर्नाटक के हैं।

बाहर से आने वालों की दें सूचना

सीएस ने बताया कि कोरोना वायरस से बचने के लिए जागरूकता ही बचाव है। सभी लोग ध्यान रखें कि कोई व्यक्ति अगर कोरोना प्रभावित स्थान से आता है तो इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग या प्रशासन को दें। इसमें किसी तरह का संकोच न करें या छिपाने की कोशिश न करें। खाने के पहले व खाने के बाद साबुन से हाथ को अच्छी तरह से धोएं, शौच के बाद या अवांछित चीज को छूने पर हाथ को हैंडवास या साबुन से धोएं, खांसते समय रुमाल का इस्तेमाल करें, फूल शर्ट पहनने पर जोड़ दें, बीमार बच्चे को विद्यालय न जाने दें उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में दिखाएं।

जांच के लिए थ्रोट स्वाब का सैंपल जांच को भेजा जाएगा पुणे

संक्रमण की आशंका होने पर चिकित्सकीय निगरानी में आवश्यकतानुसार थ्रोट स्वाब का नमूना कुरियर या फिर स्पेशल मैसेंजर से जांच के लिए पुणे स्थित राष्ट्रीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा। इसके बाद ही संबंधित व्यक्ति में कोरोना को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। कोरोना वायरस की रोकथाम के इंतजामों को लेकर स्वास्थ्य विभाग बहुत ही संजीदा है। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस से लोगों को जागरुक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग शासन के निर्देश पर सभी कदम उठा रहा है।

रोकथाम के लिए बांटे जा रहे पंफ्लेट

पहचान के लिए इस वायरस से ग्रसित व्यक्तियों के लक्षण और सामान्य रोकथाम व बचाव के उपायों को ले जनता के बीच पंफ्लेट बांटे जा रहे हैं। इसमें अचानक बुखार, खांसी व सांस लेने में दिक्कत इसके प्रमुख लक्षण बताए गए हैं। स्वास्थ्य अफसरों के मुताबिक खांसते और छींकते समय मुंह पर कपड़ा रखना चाहिए। वार्तालाप करते समय उचित दूरी बनाए रखें और भीड़भाड़ वाले स्थान पर जाने से परहेज करें। चीन, ईरान, इटली, साऊथ कोरिया, थाईलैंड, सिंगापुर, वियतनाम, जापान, हांगकांग, नेपाल, मलेशिया व इंडोनेशिया से आने वाले प्रत्येक यात्री पर पैनी नजर रखी जा रही है।

भास्कर न्यूज | अमौर/बैसा

कोरोना वायरस को लेकर हाल ही में विदेश से गांव लौटे बैसा प्रखंड के एक युवक की शादी रुक गई है। कोरोना वायरस के मद्देनजर उसकी कोलकाता एयरपोर्ट पर पूरी तरह से जांच हो चुकी है। चिकित्सकों ने ट्रैक करके अपनी निगरानी में ले लिया था। उसको स्थानीय चिकित्सालय स्थित आइसोेलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। चिकित्सीय जांच में उसमें कोरोना वायरस के कहीं कोई लक्षण नहीं मिले।

जांच दल के चिकित्सकों ने उसे 14 दिनों तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा था। चिकित्सकों ने उसे विशेष हिदायत देते हुए भीड़भाड़ में जाने से मना किया है। साथ ही अन्य कई आवश्यक निर्देश भी देते हुए उसे घर भेज दिया है। इस संबंध में बैसा पीएचसी प्रभारी डॉ श्रीनंदन ने बताया कि विदेश से आए युवक की चिकित्सा दल द्वारा विशेष रूप से मॉनिटरिंग की जा रही है। हालांकि उसमें कोरोना वायरस के लक्षण नहीं पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस को ले बैसा प्रखंड के चिकित्सकों द्वारा जुकाम, बुखार, खांसी आदि के मरीजों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

कोरोना वायरस का कोई टीका नहीं

कोरोना वायरस के रोकधाम के लिए कोई टीका वैक्सीन अभी उपलब्ध नहीं है। फिलहाल इस रोग के लक्षणों का उपचार किया जाता है ताकि संक्रमण से लड़ने की शक्ति शरीर को मिलती रहे।

जिले में एक भी कोरोना के मामले नहीं, विभाग अलर्ट मोड पर, जागरूकता ही बचाव : सीएस

खबरें और भी हैं...