- Hindi News
- National
- Amur News On The Call Of A Friend Purnia Found Inter39s Student Dead On The Roadside Cousin Feared Murder
दोस्त के बुलावे पर पूर्णिया निकले इंटर के छात्र की सड़क किनारे मिली लाश, चचेरे भाई ने जताई हत्या की आशंका
थाना क्षेत्र के बरेली-दुवैली पक्की मार्ग में गुरुवार की सुबह सड़क किनारे गहरे खाई में क्षतिग्रस्त बाइक के साथ अमौर के बसंतपुर निवासी किशोर मो. मुबारक का शव बरामद हुआ है। वह इंटर का छात्र था और पूर्णिया में रहकर जेएनयू में एडमिशन की तैयारी कर रहा था।
मुबारक के चचेरे भाई मो. फिरोज आलम ने बताया कि बुधवार को किसी दोस्त ने उसके भाई को फोन कर पूर्णिया बुलाया था। शाम 4 बजे वह बाइक से पूर्णिया गया था। मुबारक को बुधवार की संध्या दो दोस्तों के साथ पूर्णिया में देखा गया था। रात में उसका मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा था। गुरुवार की सुबह सूचना मिली कि बरेली-दुबैली मार्ग में सड़क किनारे खाई में क्षतिग्रस्त ग्लैमर के साथ एक युवक का शव पड़ा हुआ है। शरीर पर जख्म के साथ-साथ नाक और मुंह से खून निकला हुआ था। एक पैर में जूता पहना हुआ था और दूसरा पैर खाली था। उसके भाई का एक पैर का जूता व मोबाइल डगरुआ थाना क्षेत्र में पाया गया है। इसके अलावा घटनास्थल पर एक शाल और गमछा भी मिला। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि अपराधियों ने किसी साजिश के तहत हत्या कर लाश व बाइक को यहां लाकर फेंक दिया है।
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष विजय कुमार यादव ने घटनास्थल का जायजा लिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मृतक के चचेरे भाई मो. फिरोज आलम के फर्द बयान पर अमौर थाना में मामला दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष विजय कुमार यादव ने बताया कि मृतक के भाई के बयान पर पुलिस जांच कर रही है।
अमौर थाना में शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाती पुलिस।