पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Purnia News Pu Students Union Election Postponed Till 31 March School College Cinema Hall Park Will Also Remain Closed

पीयू छात्र संघ चुनाव 31 मार्च तक टला, स्कूल कॉलेज, सिनेमा हॉल, पार्क भी रहेंगे बंद

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

मुख्य सचिव बिहार सरकार के द्वारा आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग में कोरोना वायरस को लेकर मिले दिशानिर्देश और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एडवाइजरी को देखते हुए जिलाधिकारी राहुल कुमार ने समुदाय के जीवन स्वास्थ्य की रक्षा के मद्देनजर पूर्णिया विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव को 31 मार्च तक स्थगित करने का निर्देश जारी किया है। जिलाधिकारी ने यह फैसला धारा 144 के तहत लिया है। 31 मार्च तक जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्र, खेलकूद प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम पार्क और सिनेमाहॉल बंद रहेंगे। जलसा और जुलूस पर भी पाबंदी रहेगी।

डीएम ने 31 मार्च तक जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी स्कूलों, कॉलेजों कोचिंग संस्थानों, हॉस्टलों का संचालन और पठन-पाठन स्थगित करने का निर्देश दिया है। सभी विद्यालयों और संस्थानों में इस अवधि के दौरान आंतरिक परीक्षाएं स्थगित रहेंगी। इस अवधि के दौरान स्कूलों में मध्याह्न भोजन भी बंद रहेगा। मध्याह्न भोजन योजना की राशि छात्र -छात्राओं के खाते में भेजने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन पर रोक लगाते हुए सभी सेविका एवं सहायिका को आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दी जाने वाली पोषाहार की समतुल्य राशि को जल्द से जल्द अभिवावकों के खाते में भिजवाने का निर्देश दिया है।

ध्रुव उद्यान, राजेन्द्र बाल उद्यान भी रहेंगे बंद

जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी और वन प्रमंडल पदाधिकारी को 31 मार्च तक शहर के ध्रुव उद्यान, राजेन्द्र बाल उद्यान एवं अन्य सभी उद्यानों को बंद करने का निर्देश दिया है। 31 मार्च तक जिले के सभी सिनेमाहॉल भी बंद रहेंगे। साथ ही साथ टाउन हॉल, कलाभवन में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम और उसकी बुकिंग पर रोक लगा दी गई है। जिलाधिकारी ने जिला में 31 मार्च तक आयोजित होने वाले विशेष ग्राम सभा के आयोजन पर रोक लगाने के साथ-साथ जिले में किसी भी प्रकार के जलसा, जूलूस निकालने पर भी पाबंदी लगा दी है। 31 मार्च तक सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद प्रतियोगिता पर रोक लगाते हुए बिहार दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को भी स्थगित कर दिया है।

आला अधिकारियों ने विमर्श करने के बााद चुनाव किया स्थगित

कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने को लेकर बिहार सरकार के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव आरके महाजन, राजभवन सचिवालय के अपर सचिव राम अनुग्रह नारायण सिंह और एवं पूर्णिया जिलाधिकारी राहुल कुमार के पत्र के आलोक में पूर्णिया विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव समिति ने कुलपति एवं प्रतिकुलपति से विचार विमर्श के बाद शनिवार को होने वाले छात्र संघ चुनाव मतदान को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया है। बिहार सरकार के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी के पत्र द्वारा विद्यालय, महाविद्यालय तथा विश्वविद्यालय को 31 मार्च तक बंद करने का आदेश दिया है। आदेश के आलोक में पूर्णिया विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव मतदान करवाना कराना संभव नहीं है।

पंचायत उपचुनाव स्थगित,18 मार्च को जिले के 10 सीटों पर होना था उपचुनाव

पूर्णिया|राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा कोरोना वायरस को लेकर जारी एडवाइजरी के मद्देनजर 18 मार्च को आयोजित पंचायत उपचुनाव को अगले आदेश तक रद्द करने का निर्देश जारी किया है। उपचुनाव को स्थगित करने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव ने सभी जिलाधिकारी को पत्र जारी किया है। निर्वाचन विभाग के द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए सामुदायिक कार्यक्रमों पर राज्य स्तर से रोक लगाई गई है। 18 मार्च को आयोजित पंचायत चुनाव में मतदाता सामूहिक रूप में मतदान की प्रक्रिया में भाग लेंगे। इससे संक्रमण रोकने के कार्य में बाधा हो सकती है। इसलिए बिहार राज्य पंचायतीराज अधिनियम की धारा 124एवं बिहार पंचायती राज निर्वाचन नियमावली 2006 के धारा 125 के तहत 18 मार्च को आयोजित पंचायत उपचुनाव को अगले आदेश तक स्थगित करने का निर्देश दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा चुनाव की तिथि की घोषणा बाद में कई जाएगी। बताते चलें कि जिले के 5 प्रखंडों में 10 रिक्त सीटों पर पंचायत का उपचुनाव 18 मार्च को आयोजित होना था। इसमें सरपंच के 5, वार्ड सदस्य के 3,पंचायत समिति सदस्य के 1 और पंच के एक रिक्त पद पर चुनाव होना था।

स्कूलों व संस्थानों में आंतरिक परीक्षाएं भी रुकीं
खबरें और भी हैं...