टायर फटने से स्कॉर्पियो पलटा, 7 जख्मी, 2 गंभीर
एनएच 57 के ओवरब्रिज पर पलटी स्कॉपियो के पास लोगों की भीड़ ।
जलालगढ़ | जलालगढ़ स्थित एनएच 57 के ओवरब्रिज पर रविवार दोपहर दो बजे स्कॉर्पियो के टायर फटने के कारण हुई सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार 7 लोग घायल हो गए। इसमें दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। सभी घायल को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल पूर्णिया रेफर किया गया। सभी घायल अररिया के इस्लामपुर के बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अररिया की तरह से आ रही स्कॉर्पियो पूर्णिया की तरफ जा रही थी। जलालगढ़ में एनएच-57 के ओवरब्रिज पर चढ़ते ही स्कॉर्पियो की टायर फटते ही डिवाइडर से टकराकर विपरीत लिंक में जा गिरी। लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। स्कॉर्पियो की पलटी से एनएच का लिंक 20 मिनट के लिए बाधित हो गया, जिसे स्थानीय युवकों एवं पुलिस बल की मदद से एनएच पर पलटी खाई स्कॉर्पियो को हटाया गया और आवाजाही को व्यवस्थित किया गया। मौके पर पहुंची जलालगढ़ पुलिस जब्त कर थाने ले गई और सभी घायलों को जलालगढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घायलों की प्राथमिक इलाज की गई। इसमें चालक मो. शोएब की हालत गंभीर बनी हुई थी। साथ ही 29 वर्षीय दूसरे घायल हुसनी को भी गंभीर चोंटे आई थीं और दोनों घायलों को पीएचसी के डाक्टर ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल पूर्णिया रेफर कर दिया है।