- Hindi News
- National
- Purnia News Sleeping Mahanta Sprayed On Murari Baba Unconscious Then Stole The Idol Of Ashtadhatu Ram Lakshman And Sita
सोए महंत मुरारी बाबा पर स्प्रे कर किया बेहोश, फिर चुराई अष्टधातु की राम, लक्ष्मण और सीता की मूर्ति
रामजानकी गोकुल सिंह ठाकुरबाड़ी से अष्टधातु की तीन बेशकीमती मूर्ति चोरी की घटना ने श्रद्धालुओं को झकझोर दिया है। कारण,यह अति प्राचीन मूर्तियां थी और इस ठाकुरबाड़ी से श्रद्धालुओं की काफी आस्था जुड़ी हुई है। इस बीच जो चर्चाएं चल रही है, उसमें लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि ठाकुरबाड़ी से अष्टधातु की तीन बेशकीमती मूर्ति चोरी के पीछे कहीं कोई बड़ी साजिश तो नहीं है। क्योंकि जिस समय मूर्तियों की चोरी हुई है उससे एक महीने पहले ही ठाकुरबाड़ी की लगभग 32 बीघा जमीन में अतिक्रमित 7-8 बीघा अतिक्रमित जमीन को खाली कराने की कवायद शुरू की गई है।
इधर, महंत संत मुरारी दास ने बताया कि ठाकुरबाड़ी से मूर्ति चोरी की घटना सोची-समझी साजिश है। सीसीटीवी रिकार्डिंग बंद होने के सवाल पर उन्होंने बताया कि कभी रिकॉर्डिंग बंद हुई ही नहीं। वे लोग दिन में एक बार जरूर रिकार्डिंग चेक करते थे। डेढ़ महीने पहले सीसीटीवी के डीवीआर में आई गड़बड़ी ठीक कराई गई थी। चोरी की रात की जानकारी देते हुए मुरारी बाबा ने बताया कि मुझ पर रात में नशे का छिड़काव किया गया, जिससे मैं पूरी तरह बेहोश हो गया। इसके बाद 4-5 चोरों ने मिलकर राम, सीता और लक्ष्मण की मूर्ति चुरा ली।
फोरेंसिक टीम ने दो घंटे जुटाए साक्ष्य, दो दिन में एसपी को सौंपेंगे रिपोर्ट, आधा दर्जन जगहों पर छापेमारी
भास्कर न्यूज | पूर्णिया
शहर के रजनी चौक स्थित रामजानकी गोकुल सिंह ठाकुरबाड़ी से भगवान राम, सीता व लक्ष्मण की अष्टधातु की तीन मूर्तियाें की चोरी मामले में शुक्रवार को भागलपुर से आई एफएसएल (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम ने मौके का जायजा लिया। विधि वैज्ञानिक डॉ. राघव के नेतृत्व में आई तीन सदस्यीय टीम ने मामले की गहन जांच की और कई अहम साक्ष्य एकत्र कर उसे अपने साथ ले गई।
लगभग दो घंटे तक ठाकुरबाड़ी में साक्ष्य संग्रह किया गया। फोरेंसिक टीम के सदस्यों ने बताया कि जांच में कई अहम साक्ष्य मिले हैं। उसकी बारीकी से जांच कर दो दिनों के अंदर एसपी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। फोरेंसिक टीम के सदस्यों ने सबसे पहले रामजानकी गोकुल सिंह ठाकुरबाड़ी में मूर्ति चोरी के स्थानों की जांच कर वहां रखे भगवान राम, सीता व लक्ष्मण के मुकुट आदि से वैज्ञानिक विधि से फिंगर प्रिंट लिया। इसके बाद मंदिर के खुले पड़े ताले सहित अन्य चीजों की बारीकी से जांच कर साक्ष्य एकत्रित किया गया।
टीम ने मंदिर के महंत संत मुरारी दास के सामानों व अन्य दस्तावेजों की जांच की और जरूरी सामान जांच के उद्देश्य से अपने साथ लेकर गई। टीम ने ठाकुरबाड़ी के महंत संत मुरारी दास के बैग से एक ट्रेन का टिकट भी बरामद किया है। इसकी भी जांच की जा रही है। टीम के सदस्यों ने उस रास्ते की भी छानबीन की, जिस रास्ते से चोरों द्वारा भगवान की बेशकीमती मूर्तियां ले जाई गई। जांच के बाद मौके पर मौजूद सहायक खजांची हाट थाना के थानाध्यक्ष अमित कुमार, पुअनि संतोष कुमार ने मंदिर में नया ताला लगा दिया।
इधर, जिस समय फोरेंसिक टीम ठाकुरबाड़ी में जांच कर रही थी, उस समय बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी इकट्ठे हो गए। उन्होंने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों से शीघ्र चोरी हुई मूर्ति की बरामदगी की मांग की। बुधवार देर रात अपराधियों ने रामजानकी ठाकुरबाड़ी से भगवान राम, सीता व लक्ष्मण की करोड़ों की अष्टधातु की मूर्तियों की चोरी कर ली है।
मूर्ति चोरी की घटना के 48 घंटे बाद में पुलिस के हाथ खाली, आधा दर्जन से अधिक जगहों पर छापेमारी : रामजानकी गोकुल सिंह ठाकुरबाड़ी से बेशकीमती तीन मूर्ति की चोरी की घटना के 48 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। हालांकि घटना के बाद पुलिस अधीक्षक विशाल शर्मा के निर्देश पर गठित एसआईटी की टीम ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए शहर में आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर छापेमारी की।
अभी तक मूर्ति चोरी से संबंधित कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है। पूछे जाने पर सहायक खजांची हाट थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पुलिस टीम लगातार काम कर रही है।
रजनी चौक से नेता जी चौक तक ठाकुरबाड़ी की जमीन पर है अवैध कब्जा
महंत मुरारी बाबा ने बताया कि वह ठाकुरबाड़ी की 32 बीघा जमीन (ठाकुरबाड़ी 28 बीघा व छठ पोखर की 4 बीघा) में से कब्जाई गई 7-8 बीघा जमीन को अतिक्रणकारियों के कब्जे से मुक्त कराने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। रजनी चौक से नेता जी चौक तक ठाकुरबाड़ी की जमीन पर अवैध कब्जा है। इसके लिए मुझे गालियां दी जाती है,मारने की धमकियां मिलती है,लेकिन मुझे अपनी जान की परवाह नहीं है। ठाकुरबाड़ी की जमीन पर 85-87 क्वार्टर बनाकर लोग रह रहे हैं और धीरे-धीरे जमीन भी कब्जा कर रहे हैं। इसमें से मात्र 10 लोग ही भाड़ा दे रहे हैं। मैं ठाकुरबाड़ी की जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराकर रहूंगा। इसके लिए धार्मिक न्यास बोर्ड पटना, प्रधानमंत्री,मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी को लिखा गया है। ठाकुरबाड़ी की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए एक महीने पहले डीएम के निर्देश पर सीओ ने अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिया है। मुरारी बाबा ने सवालिया लहजे में पूछा कि मंदिर से तीन बेशकीमती मूर्तियां चोरी हुई, इसे लेकर जो चिन्ता होनी चाहिए वह नहीं दिख रही है। जबकि,मुझे बदनाम करने के लिए सारे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। संतों को ये कैसा उपहार मिल रहा है।
रामजानकी गोकुल सिंह ठाकुरबाड़ी में जांच करती फोरेंसिक टीम।