- Hindi News
- National
- Bhawanipur News Two Children Who Went To Bathe In Pokhar And A Young Man Who Went To Bathe Buffalo Died Due To Drowning Dead Body After 3 Hours
पोखर में नहाने गए दो बच्चे और भैंस को नहलाने गए युवक की डूबने से मौत, 3 घंटे के बाद निकला शव
अलग-अलग घटनाओं में मंगलवार को नदी में डूबने से दो बच्चों और एक युवक की मौत हो गई। पहली घटना मोहनपुर ओपी क्षेत्र के भौवा परबल गांव की है, जहां मंगलवार को कारी कोसी नदी के धोबघट्टा घाट पर सुधाकर ठाकुर के बेटे अभिषेक कुमार (26) की नदी में डूबने से मौत हो गई। दूसरी घटना रघुनाथपुर पंचायत के दुर्गापुर की है, जहां पोखर में नहाने के दौरान दो बच्चों की मौत हो गई।
अभिषेक मंगलवार को एक बजे भैंस को लेकर कारी कोसी नदी के किनारे भैंस चराने गया था। अचानक भैंस अभिषेक के हाथ से रस्सी छुड़ाकर गहरे पानी में चला गया। अभिषेक लाठी और कपड़ा नदी के किनारे रखकर पानी में घुस गया और वह गहरे पानी में चला गया। जब थोड़ी देर वह बाहर नहीं निकला तो आस-पास के लोगों ने हल्ला मचाया। हल्ला सुनकर सैकड़ों ग्रामीण नदी किनारे जमा हो गए। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने अभिषेक को निकाला। मोहनपुर ओपी अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ पता चल पाएगा।
पोखर में नहाने गए थे बच्चे : भवानीपुर के दुर्गापुर में मंगलवार को लक्ष्मी मंडल के 12 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार और सुधीर मंडल के 12 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार गांव के ही अन्य बच्चे के साथ स्नान करने के लिए पोखर में गया था। दोनों बच्चों के गहरे पानी में चले जाने पर वहां मौजूद बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद कुछ ग्रामीण पोखर के पास पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया। इसके बाद बच्चों को इलाज के लिए भवानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
औराही ईंट भट्ठा के पास 8 वर्षीय बच्चे का शव मिला
बड़हरा कोठी | औराही पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 4 औराही ईंट भट्ठा के पास गड्ढे से एक आठ वर्षीय बालक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार औराही ईंट भट्ठा के पास ही घर बना कर रहने वाले अरविंद मंडल का आठ वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार घर से निकल 10 बजे अपने दुकान पर आया था, जो कुछ देर बाद गायब हो गया। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी कोई पता नहीं चला। बुधवार तड़के 3 बजे पास ही के गड्ढे में शव मिलने की सूचना पर परिजनों द्वारा लाश की शिनाख्त की गई।
मौत के बाद बिलखते परिजन।