255 शिक्षकों पर एफआईआर दर्ज करने का डीईओ ने दिया आदेश
मूल्यांकन कार्य में योगदान नहीं करनेवाले शिक्षकों पर कार्रवाई
माध्यमिक परीक्षा 2020 की कॉपी के मूल्यांकन कार्य में योगदान नहीं करने वाले 255 शिक्षकों पर एफआईआर करने का आदेश जिला शिक्षा पदाधिकारी जयशंकर प्रसाद ठाकुर ने शुक्रवार को दिया है। उक्त आशय की जानकारी देते हुए डीईओ ने कहा कि जिला स्कूल स्थित मूल्यांकन केन्द्र पर योगदान नहीं करने वाले 159 शिक्षकों जिसमें 11 वित्तरहित संस्थान के शिक्षक भी शामिल हैं, एवं मनोहर हाईस्कूल पूरब बाजार स्थित मूल्यांकन केन्द्र पर योगदान नहीं करने वाले 96 शिक्षक, जिसमें 8 वित्तरहित शिक्षण संस्थानों के शिक्षक हैं, के उपर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि डीपीओ द्वय मनोज कुमार एवं राहुलचन्द्र चौधरी को इस कार्य के लिए अधिगृहित किया गया है। मालूम हो कि राजकीय कन्या उच्च विद्यालय में स्थित मूल्यांकन केन्द्र पर योगदान नहीं करनेवाले 146 शिक्षकों के विरुद्ध गुरूवार को प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया गया था।